Bihar news : बदलते बिहार की ये कैसी तस्वीर? 850 करोड़ के अस्पताल की ये कैसी व्यवस्था? बच्चे को कंधे पर उठाकर भटकती रही मां, स्ट्रेचर तक नहीं मिला!
बेतिया के जीएमसीएच से सामने आया यह वीडियो अगर सही है, तो यह बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था के उन दावों पर बड़ा सवाल खड़ा करता है, जिनमें मरीजों को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं देने की बात कही जाती है। वायरल वीडियो में एक मां अपनी 11 वर्षीय बीमार बच्ची को कंधे पर लेकर अस्पताल परिसर में जाती हुई दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि बच्ची की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद मां उसे लेकर जीएमसीएच पहुंची, लेकिन बच्ची को ले जाने के लिए स्टेचर नहीं मिला।
मजबूर मां अपनी बच्ची को कंधे पर लेकर अस्पताल में डॉक्टर और इलाज की तलाश करती रही। इस दौरान किसी ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मामला पश्चिमी चंपारण के बेतिया स्थित जीएमसीएच का बताया जा रहा है। बच्ची की पहचान 11 वर्षीय सयाना खातून के रूप में बताई गई है। उसके पिता नजीर अंसारी हैं और परिवार चनपटिया थाना क्षेत्र के महना गांव का रहने वाला बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि करीब 850 करोड़ रुपये की लागत से जिले का सबसे बड़ा अस्पताल जीएमसीएच तैयार हुआ है। लेकिन सवाल यह है कि इतने बड़े और करोड़ों की लागत वाले अस्पताल में अगर एक बीमार बच्ची को ले जाने के लिए उसकी मां को स्टेचर नहीं मिलता और वह अपनी बच्ची को कंधे पर लेकर अस्पताल में भटकने को मजबूर होती है, तो फिर स्वास्थ्य सुविधाओं के बड़े-बड़े दावों की हकीकत क्या है?
वायरल वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल की व्यवस्था, मरीजों को मिलने वाली बुनियादी सुविधाओं और कर्मचारियों की कमी को लेकर सवाल उठ रहे हैं। अस्पताल अधीक्षक अनिल कुमार ने वायरल वीडियो देखने की बात कही है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में कुछ कर्मचारियों की कमी है, जिसके कारण ऐसी स्थिति उत्पन्न हुई होगी। उन्होंने जल्द कर्मचारियों की कमी दूर करने और वीडियो की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की बात कही है।#Bettiah #GMCHBettiah #Bihar #BiharHealthSystem #Healthcare #HealthDepartment #GovernmentHospital #HospitalMismanagement #PatientCare #ViralVideo #WestChamparan #BettiahNews #BiharNews #SatyagrahNews #HealthNews #BreakingNews #TrendingNews