#WorldOzoneDay पर विद्यार्थियों ने दिया ‘ओजोन बचाओ, जीवन बचाओ’ का संदेश
शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मुरैना में प्राचार्य श्री मुकेश कुमार शोडिल्य के मार्गदर्शन में चंबल इको क्लब द्वारा 16 सितम्बर को विश्व ओजोन दिवस मनाया गया। इस अवसर पर चित्रकला एवं पोस्टर प्रतियोगिता, व्याख्यानमाला तथा परिचर्चा सहित विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में इको क्लब प्रभारी डॉ. राकेश कुमार शर्मा ने विश्व ओजोन दिवस के महत्व तथा ओजोन परत के संरक्षण की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ओजोन परत पृथ्वी के लिए प्राकृतिक सुरक्षा कवच का कार्य करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से ऊर्जा संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण तथा हरित एवं स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
उच्चतर माध्यमिक शिक्षक श्री राजकुमार मैत्री ने कहा कि ओजोन परत सूर्य से आने वाली हानिकारक पराबैंगनी किरणों से पृथ्वी की रक्षा करती है। इसका संरक्षण प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। श्री संदीप सिंह तोमर ने विद्यार्थियों को प्रदूषण कम करने तथा पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। श्री कृपाकोर कुशवाह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल किसी एक दिवस तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि इसे दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाया जाना चाहिए।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए चित्रों एवं पोस्टरों के माध्यम से ओजोन परत के महत्व, संरक्षण के उपायों तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी सोच को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने वायु प्रदूषण कम करने, अनावश्यक ऊर्जा खपत को रोकने तथा पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
विद्यार्थियों ने ‘ओजोन बचाओ, पृथ्वी बचाओ’ और ‘स्वच्छ पर्यावरण, सुरक्षित भविष्य’ जैसे संदेशों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का प्रसार किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरणीय चेतना विकसित करने के साथ उन्हें पर्यावरण संरक्षण के प्रति संवेदनशील एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh
267 views | Morena, Madhya Pradesh | Sep 19, 2026