*झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत आनंदपुर प्रखंड में पौधारोपण, अबुआ आवास गृह प्रवेश एवं डाकुवा सम्मान कार्यक्रम आयोजित*
==================
पश्चिमी सिंहभूम जिले में झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत विभिन्न प्रखंडों में जनकल्याणकारी एवं सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आनंदपुर प्रखंड में पौधारोपण, अबुआ आवास योजना के लाभुक का गृह प्रवेश तथा पारंपरिक ग्राम व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले डाकुवा के सम्मान का कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर आनंदपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री अभिषेक कुमार ने आनंदपुर पंचायत भवन परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण के निर्माण का संदेश दिया। उन्होंने पौधों के संरक्षण और संवर्धन के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी निभाने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम के तहत रुंधिकोचा पंचायत की लाभुक श्रीमती शीलवंती सुरीन को नवनिर्मित अबुआ आवास की चाबी सौंपकर विधिवत गृह प्रवेश कराया गया। पक्का आवास मिलने से लाभुक के परिवार में खुशी का माहौल रहा। यह पहल राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी अबुआ आवास योजना के माध्यम से जरूरतमंद एवं आवासविहीन परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
वहीं, पारंपरिक ग्राम व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने तथा सामाजिक एवं सामुदायिक कार्यों में योगदान देने वाले डाकुवा श्री रुबेन सुरीन को प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री अभिषेक कुमार द्वारा अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस पहल के माध्यम से पारंपरिक ग्राम व्यवस्था से जुड़े लोगों के योगदान के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की गई।