*ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य एवं विकास योजनाओं को गति देने में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता महत्वपूर्ण- उपायुक्त*
---------------------------
*प्रखंड प्रमुखों के साथ उपायुक्त ने की बैठक, शिक्षा, स्वास्थ्य, नशा मुक्ति अभियान एवं पंचायतों के सुदृढ़ीकरण पर हुई विस्तृत चर्चा*
==================
पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिले के सभी प्रखंड प्रमुखों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त श्री उत्कर्ष कुमार एवं जिला पंचायती राज पदाधिकारी श्रीमती सविता टोपनो की विशेष मौजूदगी रही। इस अवसर पर खूंटपानी प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री धनंजय पाठक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में मुख्य रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, नशा मुक्ति अभियान को प्रभावी रूप से संचालित करने तथा ग्रामीण विकास से संबंधित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। उपायुक्त ने कहा कि जिले के समग्र विकास के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय एवं सामूहिक सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित योजनाओं का वास्तविक लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए सभी प्रखंड प्रमुख अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाएं।
इस दौरान उपायुक्त ने जिले में शिक्षा एवं बाल विकास के क्षेत्र में संचालित नवाचारों की जानकारी देते हुए बताया कि *प्रोजेक्ट बचपन* के तहत जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में प्रत्येक माह की 14 तारीख को बाल भोज सह जन्मोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसी प्रकार *प्रोजेक्ट परख* के अंतर्गत जिले के सभी विद्यालयों में प्रत्येक माह की 20 तारीख को तिथि भोज सह जन्मोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इन आयोजनों का उद्देश्य बच्चों के बीच आनंदमय एवं सकारात्मक वातावरण तैयार करना, उनमें सामूहिकता और सहभागिता की भावना विकसित करना तथा उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने एवं पढ़ाई के प्रति प्रोत्साहित करना है।
उपायुक्त ने सभी प्रखंड प्रमुखों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्रों एवं विद्यालयों में आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों में अनिवार्य रूप से सहभागिता करें। जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति से बच्चों का उत्साहवर्धन होगा तथा शिक्षा एवं बाल विकास से जुड़े कार्यक्रमों को सामुदायिक स्तर पर और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि बच्चों के लिए विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में खुशनुमा, उत्साहपूर्ण और प्रेरणादायक वातावरण तैयार करना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।
स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में उपायुक्त ने *प्रोजेक्ट जागृति* की चर्चा करते हुए बताया कि जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने, आमजनों के बीच स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने सभी प्रखंड प्रमुखों एवं जनप्रतिनिधियों से इन शिविरों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने तथा आम लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक पुनीत कार्य है और इसके माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को समय पर जीवनरक्षक सहायता उपलब्ध कराई जा सकती है।
बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में नशा मुक्ति अभियान को प्रभावी बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति का प्रतिकूल प्रभाव विशेषकर युवाओं, बच्चों एवं परिवारों पर पड़ता है। इस दिशा में जनप्रतिनिधियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। सभी प्रखंड प्रमुख अपने-अपने क्षेत्रों में आमजनों, युवाओं एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाएं तथा समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करें।
इसके अतिरिक्त बैठक में *प्रोजेक्ट प्राण* के तहत जिले के पंचायत सचिवालयों के सुदृढ़ीकरण एवं पंचायत स्तर पर उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग पर विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत उपलब्ध राशि की उपयोगिता सुनिश्चित करने तथा पंचायतों में बुनियादी सुविधाओं के विकास से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने पंचायत क्षेत्रों में स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों एवं विद्यालयों में बच्चों की सुविधा और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए हैंडवॉश यूनिट, पेवर ब्लॉक सहित अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के विकास पर भी प्रखंड प्रमुखों को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर उपलब्ध वित्तीय संसाधनों का योजनाबद्ध एवं जनहित में उपयोग किया जाना चाहिए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हो सके।
उपायुक्त ने सभी प्रखंड प्रमुखों से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्र में विकास योजनाओं की नियमित निगरानी करें तथा स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशासन को आवश्यक सुझाव एवं सहयोग प्रदान करें। पंचायत प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं आधारभूत संरचना से संबंधित योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
बैठक के अंत में उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन पंचायत प्रतिनिधियों के सहयोग एवं समन्वय से जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को नई गति देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी प्रखंड प्रमुखों से जनहित से जुड़े कार्यों एवं सरकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में सकारात्मक सहयोग देने की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के साझा प्रयास से ही ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की योजनाओं को धरातल पर प्रभावी रूप से उतारा जा सकता है।