पीएम आवास और अबुआ आवास निर्माण कार्यों का निरीक्षण, धीमी गति पर लाभुकों को एक सप्ताह का अल्टीमेटम
पश्चिमी सिंहभूम जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं अबुआ आवास योजना के तहत स्वीकृत आवासों के निर्माण कार्यों की प्रगति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को चाईबासा सदर प्रखंड अंतर्गत टोंटो पंचायत के गागरी ग्राम में क्षेत्र भ्रमण कर आवासों का निरीक्षण किया गया।
इस दौरान जिला समन्वयक, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा द्वारा कुल 23 आवासों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में तीन आवासों में विंडो सिल (खिड़की की चौखट के निचले स्तर) तक निर्माण कार्य पूर्ण पाया गया, जिनका जियो टैगिंग कराया गया।
निरीक्षण के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के 12 ऐसे लाभुक चिह्नित किए गए, जिन्हें द्वितीय किस्त की राशि प्राप्त हो चुकी है, लेकिन उनके द्वारा आवास निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ाया जा रहा है। संबंधित लाभुकों को एक सप्ताह के अंदर निर्माण कार्य पुनः शुरू कर आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं, तीन ऐसे लाभुक भी मिले, जिन्होंने प्रथम किस्त की राशि प्राप्त करने के बाद प्रारंभिक निर्माण कार्य कर उसे अधूरा छोड़ दिया है। उन्हें यथाशीघ्र विंडो सिल स्तर तक निर्माण कार्य पूर्ण करने के लिए प्रेरित किया गया।
इसी प्रकार अबुआ आवास योजना के तहत द्वितीय किस्त की राशि प्राप्त करने के बाद निर्माण कार्य नहीं करने वाले लाभुकों को भी एक सप्ताह के अंदर आवास निर्माण कार्य शुरू करने के लिए कहा गया।
जिला समन्वयक द्वारा लाभुकों को आवास निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा योजना का लाभ उठाकर अपने पक्के आवास के सपने को साकार करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस क्षेत्र भ्रमण के दौरान प्रखंड समन्वयक पसंद कुमार, पंचायत सचिव एवं टोंटो पंचायत के रोजगार सेवक उपस्थित रहे।
#SarandaLive #WestSinghbhum #Chaibasa #PMAYG #AbuaAwasYojana #RuralDevelopment #GeoTagging #HousingConstruction #JharkhandNews