झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत ‘प्रोजेक्ट जागृति’ के अंतर्गत चार टीबी मरीजों को लिया गया गोद*
---------------------------
*कराईकेला में सामुदायिक सहभागिता से टीबी उन्मूलन की दिशा में सराहनीय पहल, मरीजों को मिलेगा पोषण एवं आवश्यक सहयोग*
==================
झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत पश्चिमी सिंहभूम जिले में स्वास्थ्य एवं सामाजिक कल्याण से जुड़ी जनकल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र-बंदगांव अंतर्गत कराईकेला क्षेत्र में "प्रोजेक्ट जागृति" के तहत टीबी उन्मूलन एवं क्षय रोग से पीड़ित मरीजों को आवश्यक सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य से एक सराहनीय पहल की गई। कराईकेला पंचायत भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी के हुरंगदा क्लस्टर की ओर से चार टीबी मरीजों को गोद लिया गया।
यह पहल बंदगांव प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री भीख्म कुमार की उपस्थिति में संपन्न हुई। इस अवसर पर गोद लिए गए मरीजों को उपचार अवधि के दौरान नियमित पोषण सहायता एवं आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के संकल्प को दोहराया गया। साथ ही, ग्रामीण क्षेत्रों में टीबी रोग के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा बीमारी से जुड़े सामाजिक संकोच और भ्रांतियों को दूर करने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि टीबी उन्मूलन केवल स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों से ही नहीं, बल्कि सामुदायिक सहभागिता, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों के सक्रिय सहयोग से ही संभव है। मरीजों को गोद लेने जैसी पहल से उन्हें उपचार के दौरान पोषण एवं भावनात्मक संबल प्राप्त होगा। इससे मरीजों के उपचार की निरंतरता बनाए रखने और शीघ्र स्वस्थ होने में भी मदद मिलेगी।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से एसटीएस श्री गोवर्धन पिंगुआ, एमपीडब्ल्यू श्री नितेश कुमार मंडल, एमपीडब्ल्यू श्री भीम पूर्ति एवं एमपीडब्ल्यू श्री ऋतिक बोदरा सहित संबंधित टीम के सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए विभागीय समन्वय, सामुदायिक सहभागिता एवं निरंतर सहयोग के साथ कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।