निवाड़ी में नाले में बह गई 8 वर्षीय बच्ची, प्रभारी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने दिए सर्च ऑपरेशन तेज करने के निर्देश
--
बुधवार सुबह जिले में हुई तेज बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया। खेत पर जाते समय नाला पार करने के दौरान 8 वर्षीय बच्ची अवंतिका तेज बहाव में बह गई। घटना के बाद से स्थानीय लोग और प्रशासनिक अमला बच्ची की तलाश में जुटा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, अवंतिका अपने परिचित के साथ खेत पर जा रही थी। लगातार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर थे। इसी दौरान नाला पार करते समय अचानक तेज बहाव में अवंतिका बह गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने बच्ची की तलाश शुरू कर दी।
बच्ची के पिता संतोष कुशवाहा ने बताया कि बारिश के कारण नाले में पानी का बहाव काफी तेज था, जिसके चलते यह हादसा हुआ।
प्रभारी मंत्री ने दिए तत्काल सर्च ऑपरेशन के निर्देश
घटना की जानकारी मिलने पर जिला निवाड़ी के प्रभारी मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण, उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण विभाग ने जिला प्रशासन को बच्ची की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन तेज करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने प्रशासन से कहा कि बच्ची की तलाश के लिए उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करते हुए सर्च ऑपरेशन को प्रभावी ढंग से चलाया जाए और बच्ची को जल्द से जल्द तलाशने के हरसंभव प्रयास किए जाएं।
वहीं क्षेत्र में भी बच्ची के सकुशल मिलने की उम्मीद को लेकर लोग लगातार तलाश में सहयोग कर रहे हैं।
फिलहाल, जिला और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीमें नाले के बहाव वाले क्षेत्रों में खोज और बचाव (Search and Rescue) अभियान चला रही हैं।
पुलिस अधीक्षक डॉ राय सिंह नरवरिया, सीईओ जिला पंचायत श्री रोहन सक्सेना, एसडीएम श्री अशोक कुमार सेन सहित तमाम अधिकारी मौके पर सर्च टीम के साथ सक्रियता से बच्ची की खोज में जुटे हुए हैं।
Narayan Singh Kushwah Jansampark Madhya Pradesh Home Department of Madhya Pradesh #DistrictAdministration
#jansamparkMP #niwari
4 views | Niwari, Madhya Pradesh | Aug 26, 2026