जिला प्रशासन की अपील: शांति, सौहाद्र और समरसता से मनाएं त्योहार
निवाड़ी कलेक्ट्रेट में 'शांति समिति' की बैठक में अधिकारियों को व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
चप्पे-चप्पे पर रहेगी जिला और पुलिस प्रशासन की नजर
--
निवाड़ी: आगामी त्योहारों, उत्सवों और सांस्कृतिक पर्वों को संपूर्ण जिले में शांति, सुरक्षा और आपसी सौहार्द के साथ संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। कलेक्ट्रेट सभागार में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सुरक्षा व्यवस्था से लेकर नागरिक सुविधाओं तक के पुख्ता इंतजामों पर गहन मंथन हुआ और अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
अधिकारियों ने संभाली कमान
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री रोहन सक्सेना, पुलिस अधीक्षक डॉ राय सिंह नरवरिया और अपर कलेक्टर श्री इकबाल मोहम्मद की विशेष उपस्थिति में संपन्न हुई।
अधिकारियों ने साफ शब्दों में कहा कि त्योहारों की आड़ में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संवेदनशील इलाकों और मुख्य चौराहों पर सीसीटीवी कैमरों और पुलिस बल के जरिए चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जाएगी।
* ट्रैफिक रूट डायवर्जन: त्योहारों पर बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने और पार्किंग के विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।
* बिजली और पानी: उत्सवों के दौरान विद्युत कटौती न हो और पेयजल की सुचारू आपूर्ति बनी रहे, इसके लिए संबंधित विभागों को मुस्तैद किया गया है।
* सफाई महाअभियान: सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों, पंडालों और सार्वजनिक मार्गों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के आदेश नगर पालिका और जनपद पंचायतों को दिए गए हैं।
* सोशल मीडिया पर पैनी नजर: पुलिस का साइबर सेल २४ घंटे सक्रिय रहेगा। भ्रामक जानकारी, भड़काऊ पोस्ट या अफवाह फैलाने वालों को सीधे जेल भेजा जाएगा।
जनता और मीडिया से सहयोग की अपील
प्रशासन ने समस्त जिलेवासियों से अपील की है कि वे निवाड़ी की गौरवशाली परंपरा के अनुसार सभी पर्वों को आपसी भाईचारे और समरसता के साथ मनाएं।
इस बैठक में विभिन्न धर्मों, समुदायों और समाज के प्रतिनिधि तथा धर्म गुरु उपस्थित रहे। प्रशासन ने मीडिया प्रतिनिधियों से समाज में सकारात्मकता और शांति का माहौल बनाने के लिए सहयोग की अपील की है। इस दौरान व्यवस्थाओं को और भी सुदृढ़ करने हेतु सुझाव आमंत्रित किए गए।
इस अवसर पर एसडीएम श्री अशोक कुमार सेन, डिप्टी कलेक्टर सुश्री विनीता जैन, श्री अनिल कुमार तलैया, श्रीमती लीना जैन, सुश्री मनीषा जैन, सुश्री स्वाति सिंह एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
#DistrictAdministration #jansamparkMP #niwari
7 views | Niwari, Madhya Pradesh | Aug 25, 2026