छतरपुर जिले में रास्ते को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। यहां दो महिलाओं समेत एक ही परिवार के चार लोगों पर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया गया। हमले में एक महिला के सिर में गंभीर चोट आई है, जिसमें 10 टांके लगाए गए हैं।मामला बड़ामलहरा थाना क्षेत्र के ग्राम सेधपा का है। जानकारी के मुताबिक, घर के बाहर से रास्ता मांगने को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि अमरजीत अहिरवार, बारेलाल अहिरवार, अनिता अहिरवार और पुंतू अहिरवार ने ऊषा अहिरवार, मुन्नीलाल, हीराबाई और लछमी के साथ मारपीट की। घायलों को पहले बड़ामलहरा अस्पताल ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल छतरपुर रेफर कर दिया गया। पीड़ित परिवार ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। वहीं, पीड़ित पक्ष ने पुलिस रिपोर्ट में कुल्हाड़ी से हमले का उल्लेख नहीं किए जाने का आरोप लगाया है।