*यातायात नियमों के उल्लंघन पर पुलिस का महा-अभियान जारी: 22 दिनों में रिकॉर्ड 1.71 लाख से अधिक वाहनों पर एक्शन*
जयपुर से कमलेश आमेटा
जयपुर 26 जून। राजस्थान की सड़कों को सुरक्षित और अनुशासित बनाने के लिए राजस्थान पुलिस का विशेष प्रवर्तन अभियान पूरी रफ्तार से चल रहा है। महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा के कड़े निर्देशों के बाद प्रदेशभर की यातायात और जिला पुलिस टीमें सड़कों पर मुस्तैद हैं। इस पूरे महा-अभियान की कमान महानिदेशक पुलिस यातायात श्री अनिल पालीवाल स्वयं संभाल रहे हैं। वरिष्ठ अधिकारियों के सतत पर्यवेक्षण के चलते यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों के खिलाफ लगातार बड़ी और प्रभावी कार्रवाई देखने को मिली है।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (यातायात) डॉ. बी एल मीणा ने बताया कि विशेष अभियान के समेकित आंकड़ों पर नजर डालें तो 04 जून 2026 से 25 जून 2026 तक के 22 दिनों के भीतर पूरे प्रदेश में कुल 1,71,727 वाहनों के खिलाफ कड़ी चालानी कार्रवाई की जा चुकी है, जिससे नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मचा हुआ है।
*काली फिल्म और नियम विरुद्ध नंबर प्लेट लगाने वालों पर टूटा पुलिस का कहर*
अभियान के दौरान सबसे अधिक कार्रवाई वाहनों के शीशों पर अवैध काली फिल्म लगाने के मामलों में की गई, जिनके 63,298 प्रकरण दर्ज किए गए। इसके अलावा नियम विरुद्ध नंबर प्लेट एवं पंजीयन चिन्ह के 43,461, वाहनों पर अनाधिकृत शब्द चिन्ह एवं लेखन के 24,033, वाहनों की संरचना (बॉडी/चेसिस) में अवैध परिवर्तन के 18,159, अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर, स्ट्रोब लाइट एवं हूटर के 13,586 तथा प्रेशर हॉर्न एवं एयर हॉर्न के 9,190 मामलों में कार्रवाई की गई।
गुरुवार 25 जून को विशेष अभियान के तहत अकेले 5,982 मामलों में कार्रवाई की गई। इनमें 1,792 वाहनों के शीशों पर अवैध काली फिल्म, 1,416 नियम विरुद्ध नंबर प्लेट एवं पंजीयन चिन्ह, 953 वाहन संरचना में अवैध परिवर्तन, 892 वाहनों पर अनाधिकृत शब्द चिन्ह एवं लेखन, 599 अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर, स्ट्रोब लाइट एवं हूटर, 330 प्रेशर हॉर्न/एयर हॉर्न के मामले शामिल रहे।
*जयपुर कमिश्नरेट में 1098 कार्रवाई, अजमेर और झुंझुनूं में भी चला कड़ा जांच अभियान*
इस दिन की कार्रवाई में अजमेर जिला सर्वाधिक सक्रिय रहा, जहां 590 कार्रवाई की गई। राजधानी की बात करें तो जयपुर कमिश्नरेट के सभी पांचों क्षेत्रों (यातायात, पूर्व, पश्चिम, उत्तर, दक्षिण) को मिलाकर 25 जून को कुल 1,098 कार्रवाई की गईं। झुंझुनूं में 373, जयपुर ग्रामीण में 326, चित्तौड़गढ़ में 228, कोटपूतली-बहरोड़ में 213 तथा दौसा में 212 मामलों में कार्रवाई कर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए गए।
राजस्थान पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सड़क सुरक्षा केवल कानून का विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी भी है। वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें, अनाधिकृत उपकरणों एवं संशोधनों से बचें तथा सुरक्षित एवं अनुशासित यातायात व्यवस्था बनाने में पुलिस का सहयोग करें। विशेष अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा और नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
--------------
Bhilwara, Bhilwara | Jun 26, 2026