*गांव पालड़ी के सपूत अग्निवीर भानु प्रताप सिंह का हुआ सम्मान*
*पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना ने मेवाड़ी पगड़ी पहनाकर किया अभिनंदन, कहा— युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं देश के जवान*
जयपुर/निंबाहेड़ा :कमलेश आमेटा, 26 जून
देश की सेवा कर अपने गांव, क्षेत्र एवं परिवार का नाम गौरवान्वित करने वाले ग्राम पालड़ी निवासी अग्निवीर भानु प्रताप सिंह का शुक्रवार को पेच एरिया स्थित कांग्रेस कार्यालय में सम्मान समारोह आयोजित कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर राजस्थान सरकार के पूर्व सहकारिता मंत्री ने अग्निवीर भानु प्रताप सिंह का मेवाड़ी पगड़ी पहनाकर, उपरणा ओढ़ाकर एवं मिठाई खिलाकर आत्मीय सम्मान किया। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं पर सेवा देने वाले जवान राष्ट्र की असली शक्ति हैं तथा अग्निवीर भानु प्रताप सिंह जैसे युवा पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय हैं। उन्होंने कहा कि पालड़ी गांव के इस सपूत ने सेना में सेवा देकर अपने माता-पिता, गांव और जिले का नाम रोशन किया है।
आंजना ने युवाओं से देशसेवा की भावना को आत्मसात करने का आह्वान करते हुए कहा कि सेना में भर्ती होकर राष्ट्र रक्षा का दायित्व निभाना सबसे बड़ा सम्मान है। ऐसे वीर जवानों का सम्मान समाज का नैतिक कर्तव्य है।
समारोह में निंबाहेड़ा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष भोपराज टांक, बड़ीसादड़ी के पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अभय मेहता, नगर कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव रविप्रकाश सोनी, पूर्व पंचायत समिति सदस्य गणपत पुरी सहित पालड़ी गांव के विक्रम सिंह,राजेंद्र सिंह राणावत, महावीर सिंह, युवराज सिंह, चंद्रपाल सिंह, सुरेश गायरी, यशपाल सिंह,आशुतोष टांक एवं कांग्रेस कार्यालय प्रभारी ज़ाकिर हुसैन सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
सभी उपस्थितजनों ने अग्निवीर भानु प्रताप सिंह को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा देशसेवा के प्रति उनके समर्पण की सराहना की।