सिंचाई विभाग के कर्मचारियों की दशकों पुरानी समस्याओं के समाधान की मांग, जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
संतकबीरनगर। सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अधीन कार्यरत सींचपाल, सींच पर्यवेक्षक एवं नलकूप चालकों की वर्षों से लंबित समस्याओं के समाधान को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से कर्मचारियों ने बताया कि उनकी सेवा नियमावली वर्ष 1953 एवं 1954 से अब तक संशोधित नहीं हुई है। छठे वेतन आयोग के बाद से वेतन विसंगति भी बनी हुई है।
कर्मचारियों का कहना है कि रिक्त पदों पर भर्ती नहीं होने से उन्हें 8 से 10 कर्मचारियों के बराबर अतिरिक्त कार्य करना पड़ रहा है। इसके लिए प्रतिदिन 40 से 50 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है, लेकिन मोटरसाइकिल भत्ता और अतिरिक्त कार्य का कोई पारिश्रमिक नहीं मिलता। वहीं, 1 अप्रैल 2005 से पहले नियुक्त कई कर्मचारियों को बाद में विनियमित किए जाने के कारण पुरानी पेंशन का लाभ नहीं मिल सका। कर्मचारियों ने शासन स्तर पर इन समस्याओं का शीघ्र निस्तारण कर न्याय दिलाने की मांग की है।