प्रदेश कार्यकारी सदस्य बनने पर राकेश मिश्रा ने भाजपा नेतृत्व का जताया आभार, खड़गे के बयान को बताया निंदनीय
संतकबीरनगर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यकारी सदस्य के रूप में दोबारा जिम्मेदारी मिलने पर राकेश मिश्रा ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक ऐसा संगठन है, जहां छोटे से छोटे कार्यकर्ता को भी उसकी मेहनत, समर्पण और निष्ठा के आधार पर बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। पार्टी में प्रत्येक कार्यकर्ता को आगे बढ़ने का अवसर दिया जाता है।
राकेश मिश्रा ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे निंदनीय बताया।
उन्होंने कहा कि खड़गे वरिष्ठ नेता हैं और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद पर हैं। ऐसे में उन्हें अपनी भाषा और शब्दों की मर्यादा का विशेष ध्यान रखना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति इस तरह की टिप्पणी करना उन्हें शोभा नहीं देता।
उन्होंने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता वर्ष के 365 दिन चुनाव और संगठनात्मक गतिविधियों के लिए तैयार रहते हैं। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत करने में जुटा रहता है। भाजपा की यही कार्यकर्ता आधारित व्यवस्था उसकी सबसे बड़ी ताकत है।
राकेश मिश्रा ने दोबारा प्रदेश कार्यकारी सदस्य की जिम्मेदारी दिए जाने पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का धन्यवाद करते हुए संगठन की मजबूती के लिए निरंतर कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।