मोबाइल फोन हैक करने के संदेह के चलते हुए विवाद में साथी की चाकू से गला काटकर हत्या करने के मामले में 2 आरोपी गिरफ्तार।
गुरुग्राम, गौरव गर्ग, 22 अगस्त । 13 अगस्त को पुलिस थाना सेक्टर-14, गुरुग्राम में ईस्ट राजीव नगर, गुरुग्राम में एक व्यक्ति की हत्या होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची, जहां मकान की दूसरी मंजिल पर एक कमरे में एक व्यक्ति का शव बेड पर पड़ा हुआ था, जिसका गला कटा हुआ था। पुलिस टीम द्वारा सीन ऑफ क्राइम एवं फिंगरप्रिंट टीम को मौके पर बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण करवाया गया। मृतक की पहचान सुजीत कुमार खानवर निवासी जिला जौनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। मकान मालिक ने शिकायत में बताया कि उसने मकान की दूसरी मंजिल पर एक कमरा केशव व एक अन्य व्यक्ति को किराए पर दिया हुआ था। 12 अगस्त को केशव अपने अन्य साथियों के साथ कमरे पर मौजूद था। 13 अगस्त को मकान मालिक बिजली बिल लेने के लिए कमरे पर गया, लेकिन किसी ने दरवाजा नहीं खोला। दरवाजा खोलकर देखने पर एक व्यक्ति का शव खून से लथपथ अवस्था में पड़ा मिला, जिसका गला कटा हुआ था। शिकायत के आधार पर पुलिस थाना सेक्टर-14, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया।
पुलिस थाना सेक्टर-14, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उपरोक्त अभियोग में 2 आरोपियों को 21 अगस्त को नवादा, बिहार से गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान केशव (उम्र 30 वर्ष) निवासी गांव कुहीला, जिला नवादा (बिहार) तथा राहुल (उम्र 19 वर्ष) निवासी गांव कनिकोंड, जिला कोडरमा (झारखंड) के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ के दौरान सामने आया कि मृतक मकान के नक्शे बनाने के साथ-साथ गार्ड की नौकरी भी करता था। आरोपी भी नक्शा बनाने का कार्य करते थे, जिसके चलते दोनों पक्षों की पूर्व से जान-पहचान एवं व्यावसायिक संपर्क था। मामले से जुड़े एक अन्य आरोपी का मोबाइल फोन हैक होने के कारण आरोपियों को मृतक पर फोन हैक करने का संदेह था। घटना के दिन आरोपी और मृतक एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान ईमेल आईडी को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों द्वारा उक्त वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस टीम द्वारा उपरोक्त दोनों आरोपियों को 21 अगस्त को माननीय अदालत में पेश करके 3 दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया गया है। रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से वारदात के संबंध में गहनता से पूछताछ की जाएगी। अभियोग का अनुसंधान जारी है।