बैंक से रुपये निकालकर बाहर आए व्यक्ति से 50,000 रुपये छीनने की वारदात को अंजाम देने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार।
कब्जे से 26,000 रुपये नकद व वारदात में प्रयुक्त 1 मोटरसाइकिल बरामद।
गुरुग्राम, गौरव गर्ग, 19 अगस्त । 17 अगस्त को पुलिस टीम को सूचना मिली कि बोहड़ा कलां स्थित सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक में एक व्यक्ति से 50,000 रुपये छीनकर 2 युवक मौके से फरार हो गए हैं। पुलिस टीम उपरोक्त स्थान पर पहुंची, जहां शिकायतकर्ता ने पुलिस टीम को पूरी घटना से अवगत कराया। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह अपने बेटे अनिल कुमार के साथ बैंक में रुपये निकालने के लिए आया था। उसने बैंक से कुल 53,200 रुपये निकाले, जिसमें से 3,200 रुपये अपनी जेब में रख लिए तथा 50,000 रुपये अलग रखकर बैंक गेट के पास खड़ा था। इसी दौरान बैंक के अंदर पहले से मौजूद 2 युवक अचानक उसके पास आए तथा उसे धक्का मारकर 50,000 रुपये छीनकर मौके से फरार हो गए। प्राप्त शिकायत पर BNS की संबंधित धाराओं के तहत पुलिस थाना बिलासपुर, गुरुग्राम में अभियोग अंकित किया गया।
अपराध शाखा बिलासपुर, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उपरोक्त अभियोग में 2 आरोपियों को 18 अगस्त को बिलासपुर चौक, गुरुग्राम से काबू किया। आरोपियों की पहचान अली (उम्र 25 वर्ष) निवासी झुग्गी-झोपड़ी, लोहा मंडी, अलवर (राजस्थान) वर्तमान निवासी श्मशान घाट के पास, तावड़ू, गुरुग्राम तथा 2. जुगनू (उम्र 19 वर्ष) निवासी झुग्गी-झोपड़ी, लोहा मंडी, अलवर (राजस्थान) वर्तमान निवासी श्मशान घाट के पास, तावड़ू, गुरुग्राम के रूप में हुई।
पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि उपरोक्त दोनों आरोपी नशा करने के आदी हैं तथा अपनी नशे की पूर्ति के लिए इन्होंने उपरोक्त स्नेचिंग की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस पूछताछ में आरोपियों द्वारा जिला गुरुग्राम में चोरी की 2 अन्य वारदातों को अंजाम देने का भी खुलासा किया गया है।
आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड के अवलोकन से ज्ञात हुआ कि आरोपियों द्वारा जिला गुरुग्राम में चोरी की 2 अन्य वारदातों का खुलासा किया गया है, जिनके संबंध में पुलिस थाना पटौदी तथा पुलिस थाना बिलासपुर, गुरुग्राम में अभियोग अंकित हैं।
आरोपियों के कब्जे से 26,000 रुपये नकद तथा वारदात में प्रयुक्त 1 मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पुलिस टीम द्वारा उपरोक्त दोनों आरोपियों को आज माननीय अदालत में पेश किया जाएगा। अभियोग का अनुसंधान जारी है।