काजल किन्नर वेलफेयर फाउंडेशन एंव योगी अखाड़े ने अंजलि किन्नर के समर्थन में पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई
गुरुग्राम / सोहना:
काजल किन्नर वेलफेयर फाउंडेशन (4/8 मोहल्ला, सेक्टर 11, गुरुग्राम) और योगी अखाड़े से प्रतिनिधियों ने सोहना एसीपी/थाना कार्यालय पहुंचकर पीड़िता अंजलि किन्नर के समर्थन में पुलिस प्रशासन को मांग पत्र सौंपा। संस्था के पदाधिकारियों ने अंजलि किन्नर के साथ हो रहे कथित उत्पीड़न, रंगदारी वसूली और धर्म परिवर्तन के दबाव के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता अंजलि किन्नर ने आरोप लगाया है कि सोहना क्षेत्र के कुछ असामाजिक तत्वों एवं फर्जी किन्नरों (सीमा उर्फ मनोज, सोनिया उर्फ संजय, साजिद आदि) द्वारा उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा था। उनसे जबरन ₹70,000 प्रति माह तथा तीन तोला सोने के आभूषणों की मांग की जा रही थी। इसके अलावा, उन पर धर्म परिवर्तन करने और मांस भक्षण का दबाव बनाया गया।
फाउंडेशन की संस्थापक काजल किन्नर और योगी अखाड़े की राष्ट्रीय अध्यक्ष नैना तिवारी ने प्रशासन से मांग की कि सोहना थाने में शिकायत दर्ज कराने आए सभी संबंधित व्यक्तियों के आधार कार्ड व पहचान पत्रों की गहनता से जांच की जाए।
योगी अखाड़े व काजल किन्नर फाउंडेशन के सहयोग से अंजलि किन्नर का विधि-विधान (तिलक, गंगाजल व गौमूत्र से अभिषेक) के साथ सनातन धर्म में पुनः स्वागत किया गया और उन्हें फाउंडेशन में शिष्य के रूप में संरक्षण प्रदान किया गया।
संस्था ने घोषणा की कि विवादित भूमि/स्थान पर कानून व प्रशासन की अनुमति से मंदिर एवं मठ का निर्माण कराया जाएगा, जहां गरीब बच्चों के पालन-पोषण, शिक्षा और बच्चियों के लिए सिलाई-कढ़ाई व स्वरोजगार प्रशिक्षण केंद्र का संचालन होगा।
इस अवसर पर काजल किन्नर वेलफेयर फाउंडेशन की संस्थापक काजल किन्नर, योगी अखाड़ा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नैना तिवारी, संस्था के मैनेजर आयत व प्रतीक्षा मिश्रा, ज़ारा, यामिनी पांडे, रूबी, महक एवं संस्था के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।