*कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय खाई रतिया में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, छात्राओं को यातायात नियमों, डायल 112 व साइबर सुरक्षा की दी जानकारी*
*– छात्राओं को सड़क सुरक्षा नियमों की पालना, हेलमेट व सीट बेल्ट के महत्व तथा सुरक्षित यातायात के प्रति किया जागरूक*
*– आपातकालीन परिस्थितियों में डायल 112 की उपयोगिता एवं पुलिस सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में दी जानकारी*
*– साइबर अपराधों से बचाव के लिए अनजान लिंक, ओटीपी शेयरिंग, ऑनलाइन ठगी और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के प्रति किया सचेत*
रतिया, 12 अक्टूबर। पुलिस अधीक्षक श्रीमती निकिता खट्टर, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में फतेहाबाद पुलिस द्वारा विद्यार्थियों को यातायात नियमों, साइबर सुरक्षा एवं आपातकालीन सेवाओं के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, खाई रतिया में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्राओं को यातायात नियमों, डायल 112 तथा साइबर अपराधों से बचाव के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान थाना यातायात में तैनात सहायक उप निरीक्षक राजेन्द्र कुमार ने छात्राओं को सड़क सुरक्षा के महत्व के बारे में बताते हुए यातायात नियमों की पालना करने, दोपहिया वाहन पर हेलमेट लगाने, कार में सीट बेल्ट का प्रयोग करने तथा सड़क पार करते समय विशेष सावधानी बरतने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा नाबालिगों द्वारा वाहन न चलाने के बारे में जागरूक किया गया।
इस अवसर पर छात्राओं को हरियाणा पुलिस की आपातकालीन सेवा डायल 112 के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि किसी भी आपातकालीन स्थिति, दुर्घटना, महिला सुरक्षा संबंधी परेशानी अथवा तत्काल पुलिस सहायता की आवश्यकता होने पर 112 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। छात्राओं को आपात स्थिति में घबराने के बजाय सूझबूझ से काम लेने तथा सही जानकारी देकर पुलिस सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों के प्रति भी छात्राओं को सचेत किया गया। उन्हें बताया गया कि सोशल मीडिया पर अनजान व्यक्तियों से दोस्ती करने, संदिग्ध लिंक खोलने, ओटीपी एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा करने से बचें। इसके अतिरिक्त फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट, ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग, साइबर बुलिंग और डिजिटल ठगी के तरीकों के बारे में जानकारी देते हुए सावधानी बरतने की अपील की गई। किसी भी साइबर वित्तीय धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने तथा cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाने के बारे में भी बताया गया।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती निकिता खट्टर, आईपीएस ने अपने संदेश में कहा कि विद्यार्थियों को कम उम्र से ही यातायात नियमों, साइबर सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं के प्रति जागरूक करना बेहद आवश्यक है। जागरूक विद्यार्थी न केवल स्वयं सुरक्षित रहते हैं, बल्कि अपने परिवार और समाज को भी सुरक्षा के प्रति सचेत कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि फतेहाबाद पुलिस का उद्देश्य विद्यार्थियों को सुरक्षित यातायात, जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार और आपातकालीन परिस्थितियों में सही निर्णय लेने के लिए जागरूक बनाना है। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे कार्यक्रम में प्राप्त जानकारी को अपने परिवार के सदस्यों एवं आसपास के लोगों के साथ भी साझा करें, ताकि अधिक से अधिक लोग जागरूक होकर सुरक्षित समाज के निर्माण में योगदान दे सकें।
Uklana, Hissar | Oct 12, 2026