100 से अधिक पैथोलॉजी जांच की सुविधा, अब डिजिटल माध्यम से मिलेगी रिपोर्ट
बेगूसराय। जिले में पैथोलॉजी जांच व्यवस्था को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध बनाने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग ने नई पहल शुरू की है। पीपीपी (पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप) मोड पर संचालित इस व्यवस्था के तहत जिले के लोगों को एकीकृत प्रणाली के माध्यम से 100 से अधिक प्रकार की पैथोलॉजी जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
जिला स्वास्थ्य प्रबंधक के अनुसार, नई व्यवस्था के तहत जिले के विभिन्न अनुमंडल अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों के सैंपल लिए जाएंगे। इसके बाद इन नमूनों को सदर अस्पताल, बेगूसराय स्थित केंद्रीय जांच केंद्र तक भेजा जाएगा, जहां अत्याधुनिक मशीनों से जांच की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद मरीजों को रिपोर्ट डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी।
स्पोक एंड हब मॉडल से होगी जांच
नई व्यवस्था को ‘स्पोक एंड हब मॉडल’ के तहत संचालित किया जाएगा। अनुमंडल अस्पताल और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नमूना संग्रहण केंद्र यानी ‘स्पोक’ के रूप में कार्य करेंगे, जबकि सदर अस्पताल स्थित केंद्रीय जांच केंद्र ‘हब’ की भूमिका निभाएगा। इससे ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को स्थानीय स्तर पर सैंपल देने की सुविधा मिलेगी और उन्हें उच्च स्तरीय जांच के लिए दूर जाने की जरूरत कम होगी।
सदर अस्पताल में जांच क्षमता बढ़ाने के लिए आधुनिक उपकरण भी उपलब्ध कराए गए हैं। इनमें ऑटो एनालाइजर, सीबीसी एनालाइजर, यूरिन एनालाइजर समेत अन्य अत्याधुनिक पैथोलॉजी उपकरण शामिल हैं। इन उपकरणों के माध्यम से जांच प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
मोबाइल पर मिलेगी जांच रिपोर्ट
स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटल और पेपरलेस बनाने के उद्देश्य से नई पैथोलॉजी व्यवस्था को आभा (ABHA) आधारित डिजिटल स्वास्थ्य प्रणाली से भी जोड़ा जा रहा है। सैंपल की जांच पूरी होने के बाद मरीज को रिपोर्ट डिजिटल माध्यम से मोबाइल फोन पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था होगी।
मरीज मोबाइल के माध्यम से अपनी जांच रिपोर्ट देख सकेगा। साथ ही रिपोर्ट को उसके आभा रिकॉर्ड/डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड से जोड़ने की व्यवस्था भी रहेगी। इससे चिकित्सकों को मरीज की पूर्व जांच रिपोर्ट डिजिटल माध्यम से उपलब्ध हो सकेगी और उपचार संबंधी निर्णय लेने में सुविधा होगी।
मरीजों को अस्पताल के चक्कर लगाने से मिलेगी राहत
नई व्यवस्था लागू होने के बाद मरीज को सैंपल देने के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र से दूर जाने की जरूरत नहीं होगी। स्थानीय स्तर पर सैंपल संग्रहित कर उसे केंद्रीय जांच केंद्र भेजा जाएगा। जांच के बाद रिपोर्ट डिजिटल माध्यम से उपलब्ध होने के कारण रिपोर्ट लेने के लिए मरीजों को बार-बार स्वास्थ्य संस्थान का चक्कर लगाने की आवश्यकता भी कम होगी।
स्वास्थ्य विभाग एवं जिला स्वास्थ्य समिति की इस पहल का उद्देश्य जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक और तकनीक आधारित पैथोलॉजी सेवाएं उपलब्ध कराना है। इससे जांच व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और मरीज-केंद्रित बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
#Pathlab #पैथोलॉजी_लैब #पैथोलॉजी_जाँच #pathlabdiagnosticcentre