ईवीएम वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण, डीएम व एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
बेगूसराय। जिला पदाधिकारी रिची पांडेय एवं पुलिस अधीक्षक मनीष ने शनिवार को ईवीएम वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, संरचनात्मक स्थिति तथा ईवीएम मशीनों के सुरक्षित रख-रखाव से संबंधित व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण से पूर्व वेयरहाउस परिसर में तैनात सुरक्षा बलों द्वारा जिला पदाधिकारी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद डीएम एवं एसपी ने वेयरहाउस के अंदर और बाहर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों एवं दिशा-निर्देशों के अनुपालन की स्थिति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, सुरक्षा बलों की तैनाती, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता तथा संबंधित अभिलेखों के संधारण की स्थिति की जांच की गई। अधिकारियों ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा से जुड़े सभी निर्धारित प्रोटोकॉल का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए और किसी भी स्तर पर सुरक्षा में लापरवाही नहीं हो।
डीएम ने वेयरहाउस से संबंधित सभी अभिलेखों एवं लॉग बुक को नियमित रूप से अद्यतन रखने का निर्देश दिया। उन्होंने परिसर की नियमित साफ-सफाई, समुचित रख-रखाव और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि ईवीएम वेयरहाउस निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थल है। इसलिए इसकी सुरक्षा, निगरानी और रख-रखाव में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्वाचन आयोग के सभी मानकों और सुरक्षा प्रोटोकॉल का गंभीरता से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी, बेगूसराय सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। प्रतिनिधियों ने भी ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा एवं रख-रखाव से संबंधित व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।