निरीक्षी न्यायमूर्ति अजित कुमार ने किया जयमंगला गढ़, मंडल कारा व बालिका गृह का निरीक्षण
बेगूसराय। पटना उच्च न्यायालय के माननीय न्यायमूर्ति सह निरीक्षी न्यायमूर्ति, बेगूसराय न्यायमंडल अजित कुमार ने अपने तीन दिवसीय बेगूसराय दौरे के अंतिम दिन रविवार को जिले के विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संस्थानों का भ्रमण एवं निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने धार्मिक स्थलों पर पूजा-अर्चना करने के साथ मंडल कारा, बालिका गृह एवं एसओएस बाल ग्राम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अपने दौरे की शुरुआत न्यायमूर्ति अजित कुमार ने मंझौल अनुमंडल स्थित प्रसिद्ध जयमंगला गढ़ मंदिर से की। यहां उन्होंने मां जयमंगला की पूजा-अर्चना कर दर्शन किए। इसके बाद वे गढ़पुरा स्थित हरिगिर धाम मंदिर पहुंचे, जहां भगवान महादेव की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इसके बाद निरीक्षी न्यायमूर्ति मंडल कारा, बेगूसराय पहुंचे। कारा प्रशासन की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उन्होंने मंडल कारा परिसर का गहन निरीक्षण किया तथा बंदियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंडल कारा के स्नानागार, भोजनशाला, पाठशाला एवं अस्पताल का जायजा लिया। अस्पताल में भर्ती बीमार बंदियों से उनके स्वास्थ्य के संबंध में जानकारी ली तथा चिकित्सकों एवं चिकित्सा कर्मियों से उनके उपचार और उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
इसके बाद न्यायमूर्ति अजित कुमार रतनपुर स्थित बालिका गृह पहुंचे। यहां अधीक्षिका एवं कर्मियों ने उनका स्वागत किया। उन्होंने बालिका गृह में रह रही बच्चियों से मुलाकात कर उनकी स्थिति और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। साथ ही अधीक्षिका से बच्चियों के आवास, भोजन, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।
दौरे के क्रम में उन्होंने ऊलाव स्थित एसओएस बाल ग्राम का भी निरीक्षण किया। वहां रह रहे बच्चों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनके रहन-सहन, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण एवं भ्रमण के दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ऋषिकांत, जिला पदाधिकारी रिची पांडेय, पुलिस अधीक्षक मनीष, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी कविता कुमारी, अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम विवेक चन्द्र वर्मा तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव करुणानिधि प्रसाद आर्य सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।