पटना हाईकोर्ट के निरीक्षी न्यायमूर्ति अजीत कुमार तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचे बेगूसराय
न्यायालय परिसर का किया निरीक्षण, पौधारोपण के साथ फव्वारा व लेडी जस्टिस प्रतिमा के लिए भूमि पूजन
बेगूसराय (बी के गुलशन)। पटना उच्च न्यायालय के माननीय न्यायमूर्ति सह निरीक्षी न्यायमूर्ति, बेगूसराय न्याय मंडल श्री अजीत कुमार शुक्रवार को अपने तीन दिवसीय निरीक्षण दौरे पर बेगूसराय पहुंचे। जिला अतिथि गृह पहुंचने पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ऋषिकांत, प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय बृजेंद्र कुमार एवं जिला पदाधिकारी रिची पांडेय ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक मनीष सहित बेगूसराय न्याय मंडल के सभी न्यायिक पदाधिकारी मौजूद रहे।
बेगूसराय पहुंचने पर जिला प्रशासन की ओर से न्यायमूर्ति अजीत कुमार को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद उन्होंने जिला न्यायालय परिसर स्थित पार्क में पौधारोपण किया। न्याय मंडल परिसर में प्रस्तावित फव्वारा एवं लेडी जस्टिस की प्रतिमा की स्थापना के लिए भूमि पूजन भी किया गया। इसके अलावा न्यायमूर्ति ने नवनिर्मित सुरक्षा कक्ष एवं वॉशरूम का उद्घाटन किया।
न्यायालयों और अभिलेखागार का किया निरीक्षण
निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान न्यायमूर्ति अजीत कुमार ने बेगूसराय मुख्यालय स्थित विभिन्न न्यायालयों, कार्यालयों एवं अभिलेखागार का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने न्यायिक एवं प्रशासनिक कार्यों से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक मनीष, नगर निगम के उपनगर आयुक्त सहित बेगूसराय न्याय मंडल के सभी न्यायिक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इसके बाद दोपहर में उन्होंने रेलवे कोर्ट, बरौनी का निरीक्षण किया। बरौनी रेलवे पुलिस की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके पश्चात न्यायमूर्ति तेघड़ा अनुमंडलीय न्यायालय पहुंचे, जहां उन्होंने अनुमंडलीय न्यायालय के लिए प्रस्तावित भूमि का स्थल निरीक्षण किया।
अधिवक्ताओं से जानी समस्याएं
तेघड़ा में न्यायमूर्ति अजीत कुमार ने अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष, सचिव एवं अधिवक्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिवक्ताओं की समस्याओं एवं अपेक्षाओं की जानकारी ली और उनके द्वारा उठाए गए विभिन्न विषयों को सुना।
शाम को जिला स्तरीय निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पदाधिकारी रिची पांडेय एवं पुलिस अधीक्षक मनीष सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष संजीत कुमार सिंह, जिला वकील संघ के अध्यक्ष ध्रुव कुमार महतो, दोनों संघों के पदाधिकारी एवं अधिवक्तागण, लोक अभियोजक तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी शामिल हुए।
न्यायमूर्ति अजीत कुमार का तीन दिवसीय निरीक्षण दौरा बेगूसराय न्याय मंडल के विभिन्न न्यायालयों, कार्यालयों, अभिलेखागार एवं न्यायिक आधारभूत संरचनाओं की स्थिति का जायजा लेने तथा न्यायिक व्यवस्था से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
#BreakingNews #Begusarai #HindiNews