‘ईज ऑफ लिविंग’ के तहत जनता दरबार, 41 नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं
सासाराम। जिला पदाधिकारी रोहतास के निर्देश पर सोमवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में ‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ (Ease of Living) के तहत जिला जनता दरबार का आयोजन किया गया। इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 41 आम नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं और उनके आवेदन प्राप्त किए गए। जनता दरबार में नागरिकों ने अपनी-अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए। प्रशासन की ओर से सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को भेजा गया। साथ ही आवेदनों की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि प्राप्त आवेदनों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। प्रशासन ने संबंधित विभागों से कार्रवाई की प्रगति पर भी नजर रखने को कहा है।