सलेमपुर पीरोंदा में सड़क निर्माण को लेकर ग्रामीणों का विरोध, खेतों से जबरन मिट्टी खोदने का आरोप
कासगंज। गांव सलेमपुर पीरोंदा में सड़क निर्माण कार्य के दौरान खेतों से मिट्टी खोदने को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। गुरुवार को ग्रामीण सड़क पर उतर आए और जेसीबी से खेतों में खुदाई कर फसल बर्बाद किए जाने का विरोध किया।
ग्रामीणों का आरोप है कि पीडब्ल्यूडी विभाग के कर्मचारी बिना उचित निशानदेही और सूचना के खेतों से करीब 10 फीट गहराई तक मिट्टी खोद रहे हैं। जेसीबी से फसल उखाड़कर मिट्टी सड़क पर डाली जा रही है।
खेतों में गहरे गड्ढे भी बनाए जा रहे हैं, जिससे हादसे का खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि करीब एक महीने पहले खेत खाली थे, तब विभाग की ओर से कोई निशानदेही नहीं की गई। अब फसल खड़ी होने के दौरान खुदाई की जा रही है। ग्रामीणों ने अधिकारियों पर उनकी बात नहीं सुनने का आरोप लगाया।
ग्रामीणों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और करीब दो महीने का समय दिया जाए, ताकि फसल कटने के बाद निर्माण कार्य किया जा सके। विरोध के दौरान ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति नाराजगी दिखाई दी।