होटल में ठहरे कपल को गांजे के केस में फंसाने की धमकी, ASP का CCTV वीडियो वायरल
मध्य प्रदेश के सिवनी में पुलिस अधिकारी की कार्यशैली पर उठे सवाल, वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
मध्य प्रदेश। सिवनी में पुलिस महकमे को सवालों के घेरे में खड़ा करने वाला एक मामला सामने आया है। यहां एडिशनल एसपी दीपक मिश्रा का एक CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह होटल में ठहरे एक कपल को कथित तौर पर गांजे के मामले में फंसाने की धमकी देते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह घटना 13 नवंबर की है।
जानकारी के मुताबिक, वायरल वीडियो बबरिया रोड स्थित एक होटल के रिसेप्शन का बताया जा रहा है। फुटेज में एडिशनल एसपी दीपक मिश्रा के साथ SDOP चंचलेश मरकाम और टीआई सतीश तिवारी भी दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो में एडिशनल एसपी कपल से अपने परिजनों को फोन कर होटल बुलाने की बात कहते नजर आते हैं। जब कपल इसके लिए तैयार नहीं होता तो वह कथित तौर पर होटल स्टाफ से लड़के के बैग में गांजा रखकर उसे फंसाने जैसी बात कहते सुनाई देते हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली और अधिकारियों के आचरण को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी ने टीआई सतीश तिवारी को लाइन अटैच कर दिया है। घटना को लेकर पुलिस महकमे में हलचल मची हुई है।
#ASP #ViralVideo #DeepakMishra #CCTVVideo #MPNews