सोरों और सहावर पुलिस ने दो आरोपियों को अवैध तमंचों के साथ किया गिरफ्तार
दो तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद, आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर भेजा न्यायिक अभिरक्षा में
कासगंज। जनपद में अवैध शस्त्रों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोरों और सहावर थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में 14 नवंबर को दोनों थाना क्षेत्रों की पुलिस ने यह कार्रवाई की।
थाना सोरों पुलिस ने ग्राम रायपुर निवासी युगल किशोर उर्फ छोटू पुत्र धूम सिंह को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 12 बोर का एक अवैध तमंचा बरामद हुआ।
वहीं, थाना सहावर पुलिस ने मोहल्ला खुजरिया स्थित दरगाह के पास रहने वाले मोनिस पुत्र समीरुद्दीन को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
पुलिस ने दोनों मामलों में संबंधित थानों पर आयुध अधिनियम की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की है। दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना सोरों के प्रभारी निरीक्षक लोकेश भाटी तथा थाना सहावर के प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम ने अपनी-अपनी पुलिस टीमों के साथ गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई को अंजाम दिया।