समाहरणालय बक्सर
(जिला जन संपर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति:- दिनांक 10 सितम्बर 2026
आंगनबाड़ी केन्द्रों के बच्चों का कराया गया स्कूल भ्रमण, विद्यालय में प्रवेश के लिए किया गया प्रेरित
राष्ट्रीय शिक्षा नीति, 2020 एवं प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा के उद्देश्यों के अनुरूप आंगनबाड़ी केन्द्रों में नामांकित 05-06 वर्ष के बच्चों के आंगनबाड़ी केन्द्र से प्राथमिक विद्यालय में सुगम संक्रमण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज बक्सर जिले के सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों पर स्कूल एक्सपोजर विजिट कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केन्द्रों में नामांकित 05-06 वर्ष के बच्चों को निकटवर्ती प्राथमिक विद्यालयों का भ्रमण कराया गया। इस दौरान बाल विकास परियोजना पदाधिकारी एवं सभी महिला पर्यवेक्षिकाओं ने बच्चों के साथ विद्यालय का भ्रमण किया तथा उन्हें विद्यालय के वातावरण से सहज रूप से परिचित कराया।
भ्रमण के दौरान बच्चों को विद्यालय परिसर, कक्षा-कक्ष, शिक्षण-अधिगम सामग्री, पुस्तकालय, खेल गतिविधियों सहित विद्यालय में उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं के बारे में जानकारी दी गई। बच्चों ने विद्यालय के वातावरण को देखा तथा आयु एवं स्तर के अनुरूप खेल-आधारित एवं गतिविधि आधारित शैक्षणिक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर महिला पर्यवेक्षिकाओं एवं बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों द्वारा बच्चों को विद्यालय जाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। साथ ही बच्चों एवं अभिभावकों में विद्यालय के प्रति सकारात्मक भावना विकसित करने तथा आंगनबाड़ी केन्द्र से प्राथमिक विद्यालय में प्रवेश के दौरान होने वाली झिझक को दूर करने का प्रयास किया गया।
जिला प्रोग्राम पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि विभागीय निर्देश के आलोक में आंगनबाड़ी केन्द्रों एवं निकटवर्ती प्राथमिक विद्यालयों के बीच नियमित शैक्षणिक समन्वय एवं जुड़ाव स्थापित करने पर विशेष बल दिया जा रहा है। इसी क्रम में प्राथमिक विद्यालय के कक्षा-1 के शिक्षक/शिक्षिका द्वारा भी सप्ताह में कम-से-कम एक दिन आंगनबाड़ी केन्द्र पर जाकर बच्चों के साथ आयु एवं स्तर के अनुरूप खेल एवं गतिविधि आधारित शैक्षणिक गतिविधियां संचालित करने की व्यवस्था की जा रही है।
जिला प्रशासन की यह पहल का उद्देश्य बच्चों के लिए आंगनबाड़ी से विद्यालय तक की यात्रा को सहज, आनंददायक और सीखने से भरपूर बनाना है, ताकि प्रत्येक बच्चा विद्यालय में आत्मविश्वास के साथ प्रवेश कर सके।
जिला जन संपर्क कार्यालय
बक्सर।
@top fans Information & Public Relations Department, Government of Bihar Buxar Administration CMO Bihar Buxar Police Samrat Choudhary जिला प्रशासन बक्सर Social Welfare Department, Government of Bihar #IPRDBihar #buxarcity #buxarjila #BuxarNews #bihar #buxar
Buxar, Bihar | Sep 10, 2026