समाहरणालय बक्सर
(जिला जन संपर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति:- दिनांक 09 सितंबर 2026
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली, 2026 के प्रावधानों से संबंधित जानकारी को ग्राम स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंचाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली विकसित करने के उद्देश्य से बक्सर जिले के चक्की एवं सिमरी प्रखंडों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण में प्रखंड समन्वयक, स्वच्छता पर्यवेक्षक, पंचायत सचिव, विकास मित्र एवं मुखिया सहित संबंधित जनप्रतिनिधियों एवं कर्मियों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण में शामिल प्रमुख विषय
प्रशिक्षण सत्र के दौरान प्रतिभागियों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली, 2026 के प्रमुख प्रावधानों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। विशेष रूप से निम्नलिखित विषयों पर चर्चा की गई।
स्रोत स्तर पर कचरे का पृथक्करण (Source Segregation) एवं इसके महत्व।
ग्राम पंचायतों की ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से संबंधित जिम्मेदारियां एवं दायित्व।
ग्राम स्तर पर ठोस कचरे का नियमित संग्रहण, परिवहन एवं उचित प्रबंधन।
गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण तथा उनके उचित निस्तारण/प्रसंस्करण की प्रक्रिया।
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को प्रभावी बनाने में पंचायत प्रतिनिधियों एवं कर्मियों की भूमिका।
समुदाय की सहभागिता एवं जन-जागरूकता के माध्यम से कचरा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करना।
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक कार्ययोजना एवं निगरानी व्यवस्था।
प्रतिभागियों की भूमिका:- प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को उनके दायित्वों के अनुरूप कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया। मुखिया एवं पंचायत सचिव को पंचायत स्तर पर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को सुदृढ़ करने, विकास मित्र एवं स्वच्छता पर्यवेक्षकों को ग्रामीण समुदाय के बीच जागरूकता एवं व्यवहार परिवर्तन सुनिश्चित करने तथा प्रखंड स्तर के समन्वयकों को संबंधित गतिविधियों के समन्वय एवं अनुश्रवण की जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया।
जन-जागरूकता एवं व्यवहार परिवर्तन:- प्रशिक्षण में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की सफलता केवल कचरे के संग्रहण तक सीमित नहीं है, बल्कि स्रोत पर कचरे का पृथक्करण, नियमित संग्रहण, उचित प्रसंस्करण एवं सुरक्षित निस्तारण के लिए ग्रामीण समुदाय की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।प्रतिभागियों को अपने-अपने पंचायत क्षेत्रों में जन-जागरूकता अभियान चलाने, ग्रामीण परिवारों को कचरा पृथक्करण के लिए प्रेरित करने तथा स्वच्छता संबंधी व्यवहार में स्थायी बदलाव लाने के लिए आवश्यक गतिविधियां संचालित करने की जानकारी दी गई।
जिला जन संपर्क कार्यालय
बक्सर।
@top fans Information & Public Relations Department, Government of Bihar CMO Bihar Buxar Administration Buxar Police Samrat Choudhary जिला प्रशासन बक्सर #IPRDBihar #BuxarNews #buxarcity #buxarjila #bihar #buxar
Buxar, Bihar | Sep 9, 2026