बीच सड़क बना जानलेवा गड्ढा, बोलेरो पेड़ से टकराई
हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर किया प्रदर्शन, जिम्मेदार विभाग के खिलाफ लगाए नारे
.
#हरदोई: कोतवाली बेनीगंज क्षेत्र के शुक्लापुर गांव के पास सड़क के बीचों-बीच बना गहरा और विशाल गड्ढा राहगीरों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। शुक्रवार की शाम हरदोई की ओर जा रही एक बोलेरो अचानक सड़क पर बने गड्ढे में जा घुसी। वाहन चालक जब तक संभल पाता, बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। हादसे में बोलेरो सवार एक व्यक्ति घायल हो गया, जबकि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। लगातार हादसों के बावजूद सड़क की मरम्मत न होने से नाराज ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। ग्रामीणों ने सड़क पर एकत्र होकर संबंधित विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग उठाई। विरोध के चलते मार्ग पर वाहनों की कतार लग गई और आवागमन भी प्रभावित हुआ।
ग्रामीणों का कहना है कि शुक्लापुर गांव के पास सड़क पर बना यह गड्ढा लंबे समय से हादसों को न्योता दे रहा है। रात के समय स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, क्योंकि वाहन चालकों को गड्ढे की गहराई का अंदाजा नहीं हो पाता। ग्रामीणों के मुताबिक इससे पहले भी कई वाहन सवार इस गड्ढे के कारण चोटिल हो चुके हैं, लेकिन शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार विभाग द्वारा अब तक प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत कर गड्ढे को नहीं भरा गया तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारियों से मामले का तत्काल संज्ञान लेकर सड़क की मरम्मत कराने तथा भविष्य में होने वाले हादसों पर रोक लगाने की मांग की है।
#रिपोर्ट: पुनीत मिश्रा/बेनीगंज
Hardoi, Hardoi | Sep 4, 2026