#गुना - आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में मनाया गया विश्व सीओपीडी दिवस, लोगों को दी गई बीमारी से बचाव एवं उपचार की जानकारी
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार एवं प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरआर माथुर के मार्गदर्शन में विश्व सीओपीडी दिवस के अवसर पर जिले के समस्त आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा आमजन को सीओपीडी (क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज) अर्थात फेफड़ों की पुरानी अवरोधक बीमारी के लक्षण, कारण, बचाव एवं उपचार के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि सीओपीडी फेफड़ों से संबंधित एक गंभीर बीमारी है, जिसमें मरीज को सांस लेने में परेशानी, लगातार खांसी, बलगम आना, सीने में जकड़न तथा सांस फूलने जैसी समस्याएं होती हैं। धूम्रपान, तंबाकू सेवन, वायु प्रदूषण, धूल एवं धुएं के संपर्क में रहना इस बीमारी के प्रमुख जोखिम कारक हैं। स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा लोगों को धूम्रपान एवं तंबाकू सेवन से दूर रहने, स्वच्छ वातावरण बनाए रखने, घरों में धुएं से बचाव करने, नियमित व्यायाम करने तथा सांस संबंधी लक्षण दिखाई देने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच एवं उपचार कराने की सलाह दी गई।
इस अवसर पर आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से लोगों को सीओपीडी की समय पर पहचान, नियमित उपचार एवं बीमारी की रोकथाम के प्रति जागरूक किया गया।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा आमजन से अपील की गई कि फेफड़ों को स्वस्थ रखने के लिए धूम्रपान से दूर रहें तथा सांस संबंधी परेशानी होने पर लापरवाही न बरतें और समय पर चिकित्सकीय परामर्श लें।
#Guna CM Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh Gwalior Commissioner Panchayat, Rural Development and Social Welfare Department of Madhya Pradesh Directorate of Health Services, Madhya Pradesh
Guna, Madhya Pradesh | Nov 17, 2026