#गुना में 70वीं शालेय राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ
10 संभागों के 325 खिलाड़ी ले रहे भाग, 20 नवंबर तक होंगे रोमांचक मुकाबले
70वीं शालेय राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता (14 वर्ष बालक-बालिका वर्ग) का भव्य शुभारंभ आज शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गुना के नोडल खेल केंद्र पर हुआ। यह प्रतियोगिता 16 नवंबर से 20 नवंबर तक चलेगी। कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देश, जिला शिक्षा अधिकारी श्री समर सिंह राठौर के मार्गदर्शन और जिला क्रीड़ा अधिकारी श्री ओ.पी. शर्मा की मॉनिटरिंग में प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ।
इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 10 संभाग - भोपाल, इंदौर, जनजातीय कार्य विभाग, जबलपुर, रीवा, सागर, उज्जैन, नर्मदापुरम, शहडोल और मेजबान ग्वालियर की टीमें गुना पहुंच चुकी हैं। कुल 325 प्रतिभागी, कोच और मैनेजर विभिन्न संभागों से पधारे हैं। सभी खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन और खेल की उत्तम व्यवस्थाएं की गई हैं। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों का गुना के गौरव गुलाब का फूल और बैच लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया।
शुभारंभ समारोह में मुख्य अतिथि गुना विधायक श्री पन्नालाल शाक्य, जिलाध्यक्ष श्री धर्मेंद्र सिंह सिकरवार सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे, उपाध्यक्ष नगरपालिका श्री धरम सोनी, सचिव जिला बास्केटबॉल संघ श्री अतुल लुम्बा उपस्थित थे।
संचालनालय से नियुक्त फील्ड ऑफिसर श्री सुनील शर्मा (जिला क्रीड़ा अधिकारी, दतिया), श्री मनुदेव सिंह चंद्रावत (व्यायाम शिक्षक, शासकीय मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल जावरा, रतलाम) एवं श्री राधेश्याम गढ़वाल (जनजातीय कार्य विभाग) भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर ग्वालियर संभाग के कप्तान गर्व शाही और वैभवी सिंह राजावत ने सभी खिलाड़ियों को निष्पक्ष खेल और खेल भावना की शपथ दिलाई।
गुना विधायक श्री पन्नालाल शाक्य ने सभी संभागों से आए खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा, "हमेशा प्रयास करते रहना चाहिए, कभी हार नहीं मानना चाहिए। खेल हमें अनुशासन, टीम भावना और जीतने का जज्बा सिखाता है।" उन्होंने मंच से 70वीं राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता के शुभारंभ की औपचारिक घोषणा की।
इस अवसर पर एमएलबी, उत्कृष्ट विद्यालय और वंदना कॉन्वेंट के बच्चों ने रंगारंग और आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का शानदार मंच संचालन श्री श्री मुकुंद शर्मा,रत्नेश नामदेव और श्रीमती सपना सजान ने किया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए और राष्ट्रगान के साथ समापन हुआ।
इस अवसर पर प्रतियोगिता के संगठन सचिव एवं डीपीसी सुश्री प्रेरणा गुप्ता, सहायक संचालक श्री संतोष धाकड़, प्राचार्य सांदिपनी विद्यालय श्री आशीष टांटिया, प्राचार्य एमएलबी श्रीमती मृदुला सक्सेना, प्राचार्य एक्सीलेंस श्री एच.एन. जाटव, मनोज शर्मा, देवेंद्र शर्मा, प्रवीण खांडेकर, मदन महामन,हरिसिंह रघुवंशी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
पहले दिन के रोमांचक मुकाबले
आज सुबह 8:30 बजे से ही बालक और बालिका वर्ग के मुकाबले शुरू हो गए।
बालक वर्ग -
- पहला मैच: ग्वालियर बनाम भोपाल - ग्वालियर 49-32 से विजयी
- दूसरा मैच: उज्जैन बनाम नर्मदापुरम - उज्जैन 41-07 से विजयी
बालिका वर्ग -
- पहला मैच: ग्वालियर बनाम उज्जैन - ग्वालियर 23-12 से विजयी
- दूसरा मैच: भोपाल बनाम जबलपुर - भोपाल 32-04 से विजयी
#Guna CM Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh Gwalior Commissioner Department of School Education, Madhya Pradesh