#गुना - 70वीं शालेय राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता के दूसरे दिन भी खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गुना स्थित नोडल खेल केंद्र में चल रही 70वीं शालेय राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता (14 वर्ष बालक-बालिका वर्ग) का उत्साह दूसरे दिन भी जारी रहा। 16 से 20 नवंबर 2026 तक चलने वाली इस पांच दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के होनहार खिलाड़ी पूरे जोश, अनुशासन और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।
प्रतियोगिता का आयोजन कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार, जिला शिक्षा अधिकारी श्री समर सिंह राठौर के मार्गदर्शन तथा जिला क्रीड़ा अधिकारी श्री ओ.पी. शर्मा की सतत मॉनिटरिंग में पूरी तरह सुव्यवस्थित रूप से किया जा रहा है। खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन और खेल की सभी व्यवस्थाएं चाकचौबंद हैं।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन प्रधानमंत्री एक्सीलेंस पीजी कॉलेज की प्राचार्य श्रीमती सुमनलता श्रीवास्तव विशेष रूप से खेल मैदान पहुंचीं। उन्होंने कॉलेज परिसर स्थित बास्केटबॉल कोर्ट पर सभी खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनके खेल प्रदर्शन व उत्साह की जमकर सराहना की। इसके साथ ही उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल ही जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना सिखाता है।
जिला बास्केटबॉल संघ के सचिव श्री अतुल लुम्बा द्वारा भी दोनों खेल मैदानों पर जाकर लगातार सतत निरीक्षण किया जा रहा और मार्गदर्शन दिया जा रहा है। आज शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के महिला स्टाफ द्वारा खेल मैदान पर पहुंचकर बालिका वर्ग के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता के भोपाल संभाग के एक बालक खिलाड़ी की अचानक तबियत बिगड़ी कोच ने जैसे ही जानकारी दी आयोजन समिति ने तुरंत उसको अस्पताल में एडमिट कराया और भोपाल टीम के प्रशिक्षक के साथ लगातार अस्पताल में आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे। आयोजन समिति की टीम लगातार सक्रिय रूप से कार्य कर रही है ।
इस प्रतियोगिता के माध्यम से युवा खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने, प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव हासिल करने और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण अवसर मिल रहा है। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना और उत्कृष्ट खेल कौशल को प्रोत्साहित करना है।
नोडल खेल केंद्र प्रभारी श्री मनोज शर्मा द्वारा आज बताया गया
कल शाम और आज सुबह बालक वर्ग में 6 रोमांचक मैच खेले गए।
- पहला मैच: उज्जैन और इंदौर संभाग के बीच जिसमें उज्जैन 52-44 से विजयी
- दूसरा मैच: नर्मदापुरम और जनजातीय विभाग के बीच जिसमें नर्मदापुरम संभाग 29-04 से विजयी
- तीसरा मैच: जबलपुर और रीवा संभाग के बीच - जिसमें जबलपुर संभाग 22-06 से विजयी
- चौथा मैच: भोपाल और सागर संभाग के बीच जिसमें भोपाल संभाग 31-00 से विजयी
- पांचवां मैच: इंदौर और शहडोल संभाग के बीच जिसमें - इंदौर संभाग 49-13 से विजयी
- छठवां मैच: सागर और रीवा संभाग के बीच जिसमें - सागर संभाग 28-17 से विजयी
बालिका वर्ग में भी दिखा शानदार खेल
बालिका वर्ग में भी कल शाम और आज सुबह कुल 6 मैच हुए, जिनमें बेटियों ने शानदार खेल दिखाया।
- पहला मैच: शहडोल और नर्मदापुरम संभाग के बीच जिसमें - शहडोल संभाग 37-00 से विजयी
- दूसरा मैच: ग्वालियर और जनजातीय विभाग के बीच जिसमें ग्वालियर संभाग 38-33 से विजयी
- तीसरा मैच: भोपाल और सागर संभाग के बीच जिसमें - भोपाल संभाग 39-00 से विजयी
- चौथा मैच: इंदौर और रीवा संभाग के बीच जिसमें - इंदौर संभाग 41-03 से विजयी
- पांचवां मैच: इंदौर और सागर संभाग के बीच जिसमें- इंदौर संभाग 45-04 से विजयी
- छठवां मैच: जनजातीय विभाग और नर्मदापुरम संभाग के बीच जिसमें- जनजातीय विभाग 34-00 से विजयी
#Guna CM Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh Gwalior Commissioner Department of School Education, Madhya Pradesh