मधुबनी में मृत रौशन यादव के परिजनों से मिले तेजस्वी यादव, न्याय दिलाने का दिया भरोसा
मधुबनी में पुलिस अभिरक्षा में 19 वर्षीय रौशन यादव की मौत के मामले में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव गुरुवार को पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की और उनके दुख-दर्द को साझा किया।
तेजस्वी यादव ने बताया कि राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की ओर से पीड़ित परिवार को 1.50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है। उन्होंने कहा कि परिवार को आर्थिक सहारा देने के लिए मृतक की बहन को तत्काल मधुबनी मेडिकल कॉलेज में नौकरी दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि थाने में बंद दो बहनों के इकलौते भाई रौशन यादव की मौत के बाद पुलिस ने उसकी बहनों और मां के साथ अमानवीय व्यवहार किया, जो बेहद आपत्तिजनक है। उन्होंने वरीय अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिस अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने कहा कि यदि दोषी पदाधिकारियों का जल्द निलंबन नहीं किया गया तो पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए राजद हर स्तर पर संघर्ष करेगा।