प्रेस विज्ञप्ति
स्थान : नालंदा
दिनांक–19 सितंबर 2026
जिला जनसंपर्क कार्यालय, नालंदा
महिलाओं के लिए वित्तीय आत्मनिर्भरता अत्यंत जरूरी : जिलाधिकारी
• छात्राओं ने जाना प्रशासनिक कार्यप्रणाली, साइबर सुरक्षा और महिला-बालिका सुरक्षा से जुड़ी सेवाओं का संचालन
• गलत के खिलाफ तुरंत उठाएं आवाज, माता-पिता और शिक्षकों को जरूर कराएं अवगत
• डीएम ने जवाहर कन्या उच्च विद्यालय की छात्राओं से किया सीधा संवाद
• छात्राओं को समय की बर्बादी (जैसे सोशल मीडिया पर रील देखना) से बचकर शिक्षा व कौशल पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह
बिहारशरीफ:‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत नालंदा की जिलाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह ने अपने कार्यालय कक्ष में जवाहर कन्या उच्च विद्यालय, झींगनगर की छात्राओं के साथ प्रेरक एवं संवादात्मक बैठक की।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को प्रशासनिक कार्यप्रणाली एवं विभिन्न सरकारी सेवाओं की जानकारी देने के साथ-साथ उन्हें लक्ष्य निर्धारण, साइबर सुरक्षा, आत्मनिर्भरता तथा किसी भी प्रकार के अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने के लिए जागरूक एवं प्रेरित करना था।
छात्राओं को कराया गया प्रशासनिक कार्यालयों का एक्सपोजर विजिट:-
छात्राओं को व्यावहारिक जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से विभिन्न महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्यालयों का भ्रमण कराया गया। इस दौरान उन्हें संबंधित कार्यालयों द्वारा नागरिकों, महिलाओं एवं बालिकाओं को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं सहायता प्रणालियों की जानकारी दी गई।
वन स्टॉप सेंटर: छात्राओं को वन स्टॉप सेंटर की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया। उन्हें बताया गया कि हिंसा अथवा किसी संकट की स्थिति में पीड़ित महिलाओं एवं बालिकाओं को एक ही स्थान पर चिकित्सीय सहायता, कानूनी सहायता, पुलिस सहायता एवं मनो-सामाजिक परामर्श उपलब्ध कराया जाता है। आवश्यकता पड़ने पर केंद्र के माध्यम से अस्थायी आवासन की सुविधा भी प्रदान की जाती है।
आईसीसीसी (Integrated Command and Control Centre): छात्राओं को शहर की आधुनिक सुरक्षा एवं डिजिटल निगरानी प्रणाली के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि शहर में स्थापित 491 कैमरों के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों की लाइव निगरानी की जाती है। इसके अलावा 15 प्रमुख स्थानों पर Public Address System तथा 10 प्रमुख स्थानों पर Emergency Call Box की व्यवस्था के बारे में भी जानकारी दी गई। छात्राओं को बताया गया कि Emergency Call Box में उपलब्ध हेल्प बटन के माध्यम से आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता प्राप्त की जा सकती है।
जिला लोक शिकायत निवारण कार्यालय:- छात्राओं को जिला लोक शिकायत निवारण कार्यालय की कार्यप्रणाली एवं आम नागरिकों के लिए इसकी उपयोगिता के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि बिजली, पानी, सड़क, राशन, छात्रवृत्ति सहित विभिन्न सरकारी सेवाओं एवं योजनाओं से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए नागरिक परिवाद दर्ज करा सकते हैं तथा निर्धारित प्रक्रिया एवं समय-सीमा के अंतर्गत उनकी सुनवाई की जाती है।
डीएम ने छात्राओं को दिया लक्ष्य निर्धारण एवं आत्मनिर्भरता का संदेश
एक्सपोजर विजिट के बाद जिलाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह के साथ छात्राओं का सीधा संवाद आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं के परिचय एवं उनके भविष्य के लक्ष्यों को जानने के साथ हुई। छात्राओं ने भ्रमण के दौरान प्राप्त अनुभवों को साझा करते हुए इसे ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताया।
जिलाधिकारी ने छात्राओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि जीवन में सफलता के लिए सबसे पहले अपने लक्ष्य को स्पष्ट रूप से निर्धारित करना आवश्यक है। लक्ष्य प्राप्त करने के लिए सही दिशा एवं निरंतर प्रयास जरूरी है। उन्होंने छात्राओं को पढ़ाई पर एकाग्रता बनाए रखने की सलाह देते हुए सोशल मीडिया पर अनावश्यक रूप से रील देखने जैसी आदतों से बचने को कहा, ताकि उनका समय एवं ऊर्जा सकारात्मक दिशा में उपयोग हो सके।
उन्होंने छात्राओं को जीवन में ऊंचे लक्ष्य निर्धारित करने तथा वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा एवं कौशल के माध्यम से आत्मनिर्भर बनना प्रत्येक बालिका के उज्ज्वल भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है।
साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
डीएम ने छात्राओं को साइबर सुरक्षा एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं से स्वयं जागरूक रहने तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
उन्होंने छात्राओं को संदेश दिया कि किसी भी प्रकार के अन्याय, उत्पीड़न अथवा गलत व्यवहार को चुपचाप सहन नहीं करना चाहिए, बल्कि उचित माध्यम से उसके विरुद्ध आवाज उठानी चाहिए।
आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
छात्राओं को आपात स्थिति में सहायता प्राप्त करने के लिए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि किसी अप्रिय घटना अथवा संकट की स्थिति में वे अपने अभिभावक एवं शिक्षकों को तत्काल सूचित करने के साथ-साथ 181 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा) एवं 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) पर भी संपर्क कर सकती हैं।
जिलाधिकारी ने छात्राओं को आश्वस्त किया कि किसी भी प्रकार की समस्या अथवा संकट की स्थिति में प्रशासन द्वारा आवश्यक सहायता एवं कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने सभी छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं तथा उन्हें निरंतर मेहनत, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (ICDS) श्रीमती अर्चना कुमारी, जिला परियोजना प्रबंधक श्री कैलाश कुमार साहू, जिला मिशन समन्वयक श्री राजीव कुमार, मनो-सामाजिक परामर्शी श्रीमती सिम्पी, विद्यालय की शिक्षिका श्रीमती संजू कुमारी सहित छात्राएं अंतरा, दिव्यांशी, सोनम, सिमरन, रानी, मारिश, अनुष्का, करिश्मा, अंशु आदि उपस्थित थीं।
Samrat Choudhary
CMO Bihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Press Information Bureau - PIB, Government of India
Bihar Education Department
ICDS Directorate Bihar
Bihar Sharif Nagar Nigam
Social Welfare Department, Government of Bihar
56 views | Nalanda, Bihar | Sep 19, 2026