प्रेस विज्ञप्ति
नालन्दा
दिनांक : 18 सितंबर 2026
जिला जनसंपर्क कार्यालय, नालन्दा
..............................................
लोक शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निवारण को लेकर 18 मामलों की हुई सुनवाई
बिहारशरीफ: नालन्दा की जिलाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह द्वारा आज बिहार लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम के तहत प्राप्त 18 मामलों की सुनवाई की गई।
सुनवाई के दौरान संबंधित लोक प्राधिकारों एवं पदाधिकारियों को आमजनों की शिकायतों का त्वरित, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निवारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सुनवाई के दौरान परिमार्जन, रसीद निर्गत करने, अंचल कार्यालय द्वारा गलत जांच प्रतिवेदन दिए जाने, परिमार्जन प्लस पोर्टल पर आवेदन लंबित रहने, अतिक्रमण कर सीढ़ी निर्माण, पईन की भूमि से अतिक्रमण हटाने, आम गैरमजरूआ पैन एवं रास्ते से अतिक्रमण हटाने तथा मंदिर के सामने संचालित मांस-मछली की दुकान हटाकर स्थल को अतिक्रमणमुक्त कराने से संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई करते हुए शिकायतों का निष्पादन किया गया।
वहीं, अवैध अतिक्रमण, परिवादी के भाई द्वारा गलत आवेदन के आधार पर कॉलोनी का लाभ लिए जाने तथा परिवादी के आवेदन पर कॉलोनी रद्द किए जाने, पेंशन चालू कराने, अवैध पशु हाट बंद कराने, बांध को मजबूत कराने एवं घर के नाले का पानी सड़क पर गिरने से संबंधित मामलों के निष्पादन हेतु सुनवाई की अगली तिथि निर्धारित करते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
सुनवाई के दौरान यह भी पाया गया कि कुछ मामलों का निवारण संबंधित लोक प्राधिकारों द्वारा सुनवाई की निर्धारित तिथि से पूर्व ही कर दिया गया था। जिलाधिकारी द्वारा संबंधित मामलों में की गई कार्रवाई की समीक्षा भी की गई तथा शिकायतों के निष्पादन की स्थिति की जानकारी ली गई।
जिलाधिकारी ने शेष मामलों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निवारण के लिए संबंधित लोक प्राधिकारों एवं पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि लोक शिकायतों का निष्पादन निर्धारित समय-सीमा के भीतर संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से सुनिश्चित किया जाए।
सुनवाई के दौरान आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार त्वरित कार्रवाई एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।
CMO Bihar
Samrat Choudhary
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
141 views | Nalanda, Bihar | Sep 19, 2026