दिनांकः 19 सितम्बर, 2026
स्थानः नालन्दा।
जिला जनसंपर्क कार्यालय, नालन्दा।
............................................
उप विकास आयुक्त, नालन्दा की अध्यक्षता में कृषि टास्क फोर्स की बैठक आयोजित
आज दिनांक 19.09.2026 को सुश्री सारा अशरफ, उप विकास आयुक्त, नालन्दा की अध्यक्षता में कृषि टास्क फोर्स की बैठक उनके कार्यालय कक्ष में आयोजित की गई।
बैठक में कृषि विभाग सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कृषि टास्क फोर्स के सदस्य उपस्थित थे। बैठक के प्रारंभ में उप विकास आयुक्त द्वारा उपस्थित सभी सदस्यों का स्वागत किया गया।
बैठक में सर्वप्रथम वर्तमान खरीफ मौसम में विभिन्न फसलों के आच्छादन की समीक्षा की गई। जिला कृषि पदाधिकारी, नालन्दा द्वारा बताया गया कि खरीफ मौसम में जिले में मुख्य रूप से धान की खेती की जाती है, सभी फसलों का समेकित आच्छादन 98.9 प्रतिशत है।
बीज वितरण की समीक्षा
खरीफ मौसम में बीज वितरण की समीक्षा के क्रम में जिला कृषि पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि जिले को बिहार राज्य बीज निगम लिमिटेड के माध्यम से बीज उपलब्ध कराया जाता है। उपलब्ध कराए गए बीज का शत-प्रतिशत वितरण किया जा चुका है।
फार्मर रजिस्ट्री में तेजी लाने का निर्देश
फार्मर रजिस्ट्री की समीक्षा के दौरान इसकी प्रगति अपेक्षाकृत कम पाई गई। इस पर उप विकास आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को राजस्व विभाग से नई जमाबंदी की सूची प्राप्त कर पात्र किसानों की फार्मर रजिस्ट्री तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कार्य में तेजी लाते हुए अधिक से अधिक किसानों को फार्मर रजिस्ट्री से जोड़ने को कहा।
साथ ही, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के नए लाभुकों की जांच कर आवश्यक सत्यापन के उपरांत उनके आवेदन निदेशालय को अग्रसारित करने का निर्देश दिया गया।
डिजिटल क्रॉप सर्वे की समीक्षा
डिजिटल क्रॉप सर्वे की समीक्षा के क्रम में जिला कृषि पदाधिकारी, नालन्दा द्वारा बताया गया कि नालन्दा जिले को कुल 12,16,698 प्लॉटों के सर्वे का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिसके विरुद्ध अब तक 8,25,929 प्लॉटों का सर्वे कार्य पूर्ण कर लिया गया है। बताया गया कि इस उपलब्धि के साथ नालन्दा जिला राज्य स्तर पर दूसरे स्थान पर है।
उप विकास आयुक्त द्वारा डिजिटल क्रॉप सर्वे के कार्य को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए।
उर्वरक की उपलब्धता एवं कालाबाजारी पर कार्रवाई
उर्वरक की उपलब्धता की समीक्षा के दौरान जिला कृषि पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि वर्तमान में जिले में उर्वरक की कोई कमी नहीं है। डीएपी की उपलब्धता में कुछ कमी आई थी, जिसके संबंध में अतिरिक्त आपूर्ति हेतु निदेशालय को पत्र भेजा गया है।
उर्वरक की कालाबाजारी एवं अनियमितता पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पंचायत एवं प्रखंड स्तर पर कार्यरत उर्वरक निरीक्षकों द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है। अब तक 521 प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की गई है। छापेमारी के दौरान अनियमितता पाए जाने पर 3 प्रतिष्ठानों की अनुज्ञप्ति रद्द, 35 प्रतिष्ठानों को निलंबित तथा 64 प्रतिष्ठानों से कारण-पृच्छा की कार्रवाई की गई है।
उप विकास आयुक्त ने निर्देश दिया कि उर्वरक प्रतिष्ठानों पर छापेमारी के दौरान केवल कागजात एवं बिक्री व्यवस्था की ही नहीं, बल्कि उपलब्ध स्टॉक का भी अनिवार्य रूप से भौतिक सत्यापन किया जाए। उन्होंने उर्वरक की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था पर सतत निगरानी रखने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
अन्य योजनाओं की समीक्षा
बैठक में कृषि विभाग एवं कृषि से संबंधित अन्य कार्यालयों द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की भी एक-एक कर समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान योजनाओं की प्रगति संतोषप्रद पाई गई। संबंधित पदाधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता बनाए रखते हुए निर्धारित लक्ष्य को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया गया।
बैठक के अंत में उप विकास आयुक्त द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए बैठक समाप्त की गई।
तदोपरांत उप विकास आयुक्त, नालन्दा द्वारा कमरपुर-पहाड़पुर मौजा में प्लॉट पर जाकर डिजिटल क्रॉप सर्वे से संबंधित कार्यों का स्थलीय निरीक्षण एवं समीक्षा की गई। इस दौरान डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रक्रिया, प्रगति एवं कार्य की गुणवत्ता का जायजा लिया गया तथा संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
Samrat Choudhary
CMO Bihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Press Information Bureau - PIB, Government of India
Bihar Agricultural Management & Extension Training Institute
Ministry of Agriculture & Farmer’s Welfare, Government of India
Department of Agriculture, Government of Bihar
1 views | Nalanda, Bihar | Sep 19, 2026