SIR पर भाजपा नेता जय सिंह ने विधायक नीरज नैयर को दी खुली बहस की चुनौती
बोले– मंच और स्थान विधायक खुद तय करें, जनता के सामने दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा
चंबा। 06 नवंबर सदर चंबा की राजनीति में SIR (Special Intensive Revision) को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा नेता जय सिंह ने सदर विधायक नीरज नैयर को इस मुद्दे पर खुले मंच से बहस करने की चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि विधायक नीरज नैयर SIR को लेकर जनता के बीच भ्रामक प्रचार कर रहे हैं और लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं।
भाजपा नेता जय सिंह ने कहा कि यदि विधायक नीरज नैयर को SIR को लेकर कोई आपत्ति है तो उन्हें खुले मंच पर आकर इस विषय पर तथ्यों के साथ चर्चा करनी चाहिए। उन्होंने कहा, "मैं विधायक नीरज नैयर को खुली चुनौती देता हूं कि वह किसी भी मंच पर आकर SIR पर बहस करें। जनता के सामने सच्चाई आनी चाहिए कि SIR क्या है और कांग्रेस इससे क्यों घबरा रही है।"
जय सिंह ने कहा कि भाजपा SIR का समर्थन करती है, क्योंकि मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाने के लिए यह प्रक्रिया जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके नेता इस प्रक्रिया को लेकर लोगों में डर का माहौल पैदा कर रहे हैं।
उन्होंने विधायक नीरज नैयर से कहा कि बहस के लिए स्थान और मंच का चयन वह स्वयं करें। भाजपा इस मुद्दे पर सार्वजनिक बहस के लिए पूरी तरह तैयार है।
जय सिंह ने कहा कि खुले मंच पर चर्चा होने से जनता के सामने दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।
Chamba, Chamba | Nov 7, 2026