दीपावली पर पटाखों से होने वाले हादसों से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग तैयार: CMO डॉ. जालम भारद्वाज
पटाखे चलाते समय सावधानी बरतने की अपील, आपात स्थिति में तुरंत लें चिकित्सकीय सहायता
चंबा 07 नवंबर
दीपावली के त्योहार को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने पटाखों से होने वाली संभावित दुर्घटनाओं और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से निपटने के लिए तैयारियां की हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. जालम भारद्वाज ने यह जानकारी देते हुए लोगों से दीपावली के दौरान पटाखे चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
डॉ. जालम भारद्वाज ने कहा कि पटाखे चलाते समय लापरवाही बरतने से जलने, आंखों में चोट लगने और अन्य गंभीर हादसों का खतरा रहता है। इसलिए बच्चों को पटाखे चलाते समय अकेला न छोड़ें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें। किसी भी दुर्घटना की स्थिति में तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य संस्थान में उपचार करवाएं।
उन्होंने लोगों से पर्यावरण और अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए सुरक्षित तरीके से दीपावली मनाने का आग्रह किया।
इस अवसर पर CMO डॉ. जालम भारद्वाज ने समस्त देशवासियों को दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
Chamba, Chamba | Nov 7, 2026