#बलरामपुर; डीएम ने कंपोजिट विद्यालय का परखा हाल, कक्षाओं में बच्चों से पूछे सवाल; व्यवस्थाएं सुधारने के सख्त निर्देश...
रिपोर्ट-इमरान अली शाह
#बलरामपुर: जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने बुधवार को विकास खंड बलरामपुर के कंपोजिट विद्यालय बलुआ बलुई का औचक निरीक्षण कर पठन-पाठन, शैक्षिक गुणवत्ता, मध्याह्न भोजन (एमडीएम), छात्र उपस्थिति और मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने विभिन्न कक्षाओं में जाकर बच्चों से पाठ्यक्रम से जुड़े सवाल पूछे और उनके सीखने के स्तर को परखा। उन्होंने शिक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक बच्चे की शैक्षिक प्रगति का नियमित आकलन कर कमजोर छात्रों को अतिरिक्त सहयोग दिया जाए।
एमडीएम की समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्धारित मेन्यू के अनुसार पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। वहीं, परिसर में खराब पड़े हैंडवॉश स्टेशन की तत्काल मरम्मत कराने और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा।
नवीन नामांकन एवं उपस्थिति पर जोर देते हुए डीएम ने कहा कि नामांकित बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए और लगातार अनुपस्थित रहने वाले बच्चों के अभिभावकों से संपर्क साधा जाए। इसके साथ ही, उन्होंने विद्यालय से सटे आंगनबाड़ी केंद्र के जर्जर व निष्प्रयोज्य भवन का नियमानुसार मूल्यांकन कराकर ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया पूरी करने के आदेश भी जारी किए।
#balrampur #dmbalrampur