Public App Logo
#बलरामपुर; डीएम ने प्राथमिक विद्यालय अड़ार पाकड़ का किया निरीक्षण, उपस्थिति बढ़ाने के दिए निर्देश... रिपोर्ट-इमरान अली शाह बलरामपुर, 18 अगस्त। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने विकासखंड बलरामपुर के प्राथमिक विद्यालय अड़ार पाकड़ का निरीक्षण कर पठन-पाठन, छात्र उपस्थिति और मिड-डे मील की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने नामांकित बच्चों के सापेक्ष कम उपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए नियमित उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजिका में 112 नामांकित बच्चों के सापेक्ष 74 बच्चे उपस्थित मिले। डीएम ने शिक्षकों को अनुपस्थित बच्चों के अभिभावकों से लगातार संवाद कर उन्हें बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित करने को कहा। कक्षाओं में पहुंचकर जिलाधिकारी ने बच्चों से संवाद किया और उनकी शैक्षणिक प्रगति परखी। उन्होंने शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षण पर जोर देते हुए बच्चों की सीखने की क्षमता में निरंतर सुधार के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। डीएम ने मिड-डे मील की गुणवत्ता भी जांची और निर्धारित मेन्यू व मानकों के अनुसार पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने को कहा। भोजन तैयार करने और वितरण के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाए रखने तथा प्रत्येक नामांकित बच्चे की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान प्रधानाध्यापक नेहा सिंह, सहायक अध्यापक प्रबल कुमार और शिक्षा मित्र अनीता पांडे मौजूद रहीं। #balrampur #dmbalrampur - Balrampur News