बभनौल-पीरो मार्ग पर गड्ढे से परेशानी, विधायक की मांग पर अधिकारियों ने किया जांच
दावथ के नकटौली गांव के पास सड़क का निरीक्षण, RCD के कार्यपालक अभियंता से विधायक ने की बात दिनारा विधानसभा क्षेत्र के दावथ प्रखंड में बभनौल अड्डा से पीरो जाने वाले मार्ग पर कोआथ नगर पंचायत के आगे नकटौली गांव के सामने सड़क की स्थिति जर्जर हो गई है। सड़क पर बने बड़े गड्ढे में लगातार पानी जमा रहने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है। समस्या की जानकारी मिलने के बाद विधायक आलोक कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर सड़क की स्थिति का निरीक्षण किया। प्रारंभ में सड़क के RWD के अंतर्गत होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद विधायक की टीम ने विभागीय अधिकारियों के साथ स्थल का दोबारा निरीक्षण किया। जांच के दौरान सड़क के RCD के अंतर्गत होने की जानकारी मिली। इसके बाद विधायक ने RCD के कार्यपालक अभियंता से बातचीत कर सड़क की स्थिति से अवगत कराया और जल्द आवश्यक मरम्मत कराने का आग्रह किया। उन्होंने संबंधित विभाग से तत्काल स्थल की जांच कर सड़क के गड्ढे को Grade-1, रोड़ा आदि डालकर भरने की मांग की, ताकि राहगीरों और वाहन चालकों को दुर्घटना के खतरे से बचाया जा सके और आवागमन सुचारु हो सके। विधायक आलोक कुमार सिंह ने कहा कि जनता की समस्याओं को संबंधित विभाग और अधिकारियों तक पहुंचाकर समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा, सुविधा और बेहतर आवागमन उनकी प्राथमिकता है। Alok Singh Alok Kumar Singh