#बलरामपुर पुलिस ने ग्राम चौपालों और स्कूलों में चलाया जागरूकता अभियान, महिलाओं को बताए अधिकार और हेल्पलाइन नंबर...
#बलरामपुर। जिले में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर बलरामपुर पुलिस ने व्यापक स्तर पर अभियान छेड़ा है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक (नोडल प्रभारी मिशन शक्ति) के नेतृत्व में बुधवार को जिले के सभी थाना क्षेत्रों में ‘मिशन शक्ति’ के तहत जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने गांवों, कस्बों और विद्यालयों में ग्राम चौपाल व जनसंवाद के जरिए महिलाओं से सीधे बातचीत की। इस दौरान महिलाओं की समस्याओं को सुनकर उनके निस्तारण का आश्वासन दिया गया। साथ ही दहेज प्रथा, बाल विवाह, घरेलू हिंसा, गुड टच-बैड टच और डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों से बचाव के प्रति सतर्क किया गया।
पुलिस ने नागरिकों को आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों—1090 (वूमेन पावर लाइन), 112 (पुलिस सेवा), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन) और 1930 (साइबर हेल्पलाइन) की जानकारी दी। इसके अलावा, नशा मुक्ति और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए भी लोगों को जागरूक किया गया। बलरामपुर पुलिस ने स्पष्ट किया कि महिलाओं की सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे।