सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं ग्रामीणजन -जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वानखेडे*
---
किसान भाई उद्यानिकी फसलों का उत्पादन कर अपनी आय बढ़ाएं - कलेक्टर श्री गुप्ता
---
"मुख्य मंत्री जन विश्वास अभियान" के तहत धारूखेड़ी में ग्रामीणों की समस्याओं का किया गया निराकरण
---
नागरिको की समस्याओं का उनके गांव में ही निराकरण करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश में "जन-विश्वास अभियान" प्रारंभ किया है। इस अभियान के तहत शुक्रवार को हरसूद विकासखंड के ग्राम धारूखेड़ी में शिविर लगाकर अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनी और उनका निराकरण किया। इस दौरान विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राही ग्रामीणों को सहायता वितरित की गई। इस कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पिंकी सुदेश वानखेडे, जिला पंचायत के उपाध्यक्ष श्री दिव्यादित्य शाह, कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता, जिला पंचायत के सीईओ श्री ऐश्वर्य वर्मा, अपर कलेक्टर सुश्री श्रद्धा शुक्ला, तथा हरसूद के एसडीएम श्री रमेश खतेडिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद थे। कलेक्टर श्री गुप्ता ने इस दौरान छिपीपुरा में वेयरहाउस का निरीक्षण भी किया। इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वानखेड़े ने इस अवसर पर कहा कि "मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान" के तहत आयोजित शिविर में निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है तथा आयुष्मान कार्ड और आधार कार्ड के लिए पंजीयन भी किया जा रहा है। जिन ग्रामीणों के पास आधार कार्ड या आयुष्मान कार्ड नहीं है, वे यहीं अपना पंजीयन करवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि पहले गरीब परिवार में किसी सदस्य को गंभीर बीमारी हो जाती थी, तो वे वह इलाज के अभाव में परेशान होते थे, लेकिन अब सरकार ने आयुष्मान भारत योजना के तहत एक वर्ष में 5 लाख रुपए तक के निशुल्क इलाज की व्यवस्था गरीब परिवारों के लिए कर दी है अतः इस योजना का लाभ उठाएं।
जिला पंचायत के उपाध्यक्ष श्री दिव्यादित्य शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा समाज के हर वर्ग की भलाई के लिए बहुत सी योजनाएं शुरू की गई हैं। इन योजना का लाभ उठाएं, और अपना जीवन स्तर सुधारें। इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए ग्रामीणजन को जिला या विकासखंड स्तर पर सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़े, इसीलिए मुख्यमंत्री जी ने "जनविश्वास अभियान" के तहत शिविर आयोजित कर ग्रामीणों की समस्या का उनके गांव में ही निराकरण करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने इस अवसर पर किसानों से अपील की कि वे परंपरागत खेती को छोड़कर अपने खेतों में उद्यानिकी फसले लगाएं । उन्होंने कहा कि खीरा, चिया सीड, टमाटर और मिर्च जैसी उद्यानिकी फसलों में थोड़ी सी लागत अधिक आती है, लेकिन गेहूं सोयाबीन जैसी परंपरागत फसलों की तुलना में लाभ बहुत अधिक होता है। उन्होंने कहा कि जिन किसानों के पास कम कृषि भूमि है, उनके लिए तो उद्यानिकी फसलें वरदान है।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने उपस्थित ग्रामीणों से प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन पेंशन योजना का लाभ उठाने की अपील की। कलेक्टर श्री गुप्ता ने उपस्थित ग्रामीणों से गांव में लगे स्वास्थ्य शिविर में अपनी बीमारियों का निशुल्क उपचार करने की अपील भी की। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि गांव के पेयजल स्रोतों से प्राप्त जल की जांच खुद करें । इसके लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग निशुल्क किट उपलब्ध कराता है। उन्होंने ग्रामीणों से शुद्ध पेयजल का ही उपयोग करने के लिए कहा।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री वर्मा ने इस अवसर पर कहा कि "मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान" के तहत आज आयोजित शिविर में धारूखेड़ी एवं आसपास की पंचायतों में सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी और जनसुनवाई के तहत लंबित समस्याओं का निराकरण किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि वे सरकारी कार्यालय से संबंधित अपनी समस्याओं के आवेदन आज ही शिविर में दें, ताकि उनका निराकरण किया जा सके।
शिविर में इन ग्रामीणों को मिली मदद
जनविश्वास अभियान के तहत आयोजित शिविर में अभिराज, सर्वाँश सिंह, अनुराग, हिमांशु, दुर्गा, अखिलेश, ऋषि, सान्वी, शांतिलाल, सचिन, भारती, हर्ष और मयंक को डिजिटल जाति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
इसके अलावा ग्राम निशानियां निवासी ईश्वर, ओमप्रकाश, सुनील, संदीप, जयंती, इंदु बा, दीपक और ओम नारायण को नामांतरण उपरांत अद्यतन खसरे की नकल प्रदान की गई। इसके साथ ही रामपुरी के आदित्य और रमेतीबाई, ग्राम मोतिया के राजेश, ग्राम भवनीया की बानो बी और नफीस ग्राम खेरखेड़ा के बालू यादव को भी नामांतरण उपरांत अद्यतन खसरे की नकल प्रदान की गई।
Jansampark Madhya Pradesh
General Administration Department, MP
Panchayat, Rural Development and Social Welfare Department of Madhya Pradesh
Department of Tribal Welfare, Madhya Pradesh
Department of Agriculture, Madhya Pradesh
#khandwa
4 views | Khandwa, Madhya Pradesh | Sep 18, 2026