जनता दरबार में एसपी ने सुनीं 22 लोगों की शिकायतें, त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश
जहानाबाद : पुलिस अधीक्षक किरण कुमार ने शुक्रवार को अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की शिकायतें सुनीं। इस दौरान कुल 22 आगंतुकों ने अपनी-अपनी समस्याएं और शिकायतें पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखीं।
पुलिस अधीक्षक ने सभी फरियादियों की बात गंभीरता और धैर्यपूर्वक सुनी। उन्होंने संबंधित मामलों के शीघ्र निष्पादन एवं निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही लंबित मामलों का त्वरित समाधान कर शिकायतकर्ताओं को न्याय दिलाने पर विशेष जोर दिया।
जनता दरबार के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक मामले की नियमित निगरानी करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान पुलिस की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।