आरडीएसएस के तहत बिजली व्यवस्था मजबूत करने का काम तेज, सौर ऊर्जा योजनाओं की भी समीक्षा
जहानाबाद : जिला स्तरीय विद्युत समिति की बैठक मंगलवार को सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में हुई। इसमें जिले में विद्युत आपूर्ति की स्थिति, विद्युत आधारभूत संरचना के विकास और केंद्र प्रायोजित ऊर्जा योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी छिरिंग वाई भूटिया, जहानाबाद विधायक राहुल कुमार, मखदुमपुर विधायक सुबेदार दास और घोसी विधायक ऋतुराज कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
विद्युत विभाग की ओर से बताया गया कि आरडीएसएस-1 के तहत रीकंडक्टरिंग और ट्रांसफॉर्मर अधिष्ठापन का करीब 95 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। वहीं, आरडीएसएस-2 के तहत दो नए विद्युत उपकेंद्रों के निर्माण का 55 प्रतिशत कार्य पूरा किया गया है।
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत जिले में 206 उपभोक्ताओं के परिसरों में कुल 673 किलोवाट क्षमता के सौर संयंत्र लगाए गए हैं। इसी प्रकार यूएलए योजना के तहत 3,163 उपभोक्ताओं के परिसरों में कुल 3,479 किलोवाट क्षमता के सौर संयंत्र स्थापित किए गए हैं। पीएम कुसुम योजना के तहत 7.8 मेगावाट क्षमता का एक सौर संयंत्र स्थापित हो चुका है, जबकि दूसरे संयंत्र का कार्य जारी है।
सांसद ने सभी योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने विद्युत व्यवस्था को और सुदृढ़ करने तथा उपभोक्ताओं को बेहतर एवं निर्बाध बिजली सेवा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने विद्युत क्षेत्र से जुड़े जनहित के विभिन्न मुद्दों पर सुझाव दिए।
इस अवसर पर विद्युत अधीक्षण अभियंता संदीप प्रकाश, विद्युत कार्यपालक अभियंता नंदलाल चौधरी समेत ऊर्जा एवं विद्युत विभाग के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।