स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर होगी जवाबदेही, संस्थागत प्रसव व टीकाकरण का लक्ष्य 100 प्रतिशत
जहानाबाद : स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और जवाबदेही को लेकर जिला पदाधिकारी छिरिंग वाई भूटिया ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं। सोमवार को समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में आयोजित स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में OPD, IPD, सर्जरी, संस्थागत प्रसव, टीकाकरण, आयुष्मान भारत, डेंगू नियंत्रण और IDSP समेत विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की गई।
OPD पंजीकरण में विलंब पाए जाने पर काको, मोदनगंज और सिकरिया के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण लेने का निर्देश दिया गया। वहीं, Vital Records की ऑनलाइन प्रविष्टि कम पाए जाने पर घोसी, मखदुमपुर और रेफरल अस्पताल घोसी के संबंधित GNM/ANM से स्पष्टीकरण प्राप्त करने को कहा गया।
जिला पदाधिकारी ने सभी स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सकों के OPD, IPD और सर्जरी के प्रदर्शन की प्रतिदिन समीक्षा करने का निर्देश सिविल सर्जन, प्रभारी अधीक्षक और संबंधित MOIC को दिया। सदर अस्पताल के सभी मेडिकल रिकॉर्ड को एक सप्ताह में संबंधित पोर्टल पर अपडेट करने को कहा गया। अस्पताल प्रबंधक को सेवाओं का दैनिक Gap Analysis Report तैयार कर प्रत्येक शाम संबंधित अधिकारियों के ग्रुप में साझा करने का निर्देश दिया गया।
डेंगू मरीजों का प्रतिदिन होगा फॉलोअप
डेंगू नियंत्रण की समीक्षा के दौरान VBDC को प्रत्येक डेंगू मरीज का Follow-up Card के माध्यम से प्रतिदिन अनुश्रवण करने और रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। आयुष्मान भारत योजना के तहत निर्धारित मानकों के अनुरूप पैकेज आधारित उपचार सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
संस्थागत प्रसव में कमी पर तय होगी जवाबदेही
सभी BCM को अपने क्षेत्र की कम प्रदर्शन करने वाली पांच ASHA कार्यकर्ताओं को चिह्नित कर स्पष्टीकरण लेने और प्रदर्शन में सुधार के लिए कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। क्षेत्र भ्रमण के दौरान GPS-tagged फोटो संबंधित ग्रुप में साझा करने को कहा गया। सभी BCM को 100 प्रतिशत संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा गया कि कमी पाए जाने पर संबंधित की जवाबदेही तय कर अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
मखदुमपुर के BCM को M-ASHA के लंबित अपडेट 24 घंटे के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया गया। निर्धारित अवधि में कार्य पूरा नहीं होने पर आवश्यक कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
टीकाकरण में 100 प्रतिशत कवरेज का निर्देश
सभी स्वास्थ्य संस्थानों में मानकों के अनुरूप Fire Safety Audit कराने और आवश्यकता के अनुसार Fire Safety NOC प्राप्त करने का निर्देश दिया गया। VPD Surveillance, Routine Immunization और District Task Force की समीक्षा के दौरान समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण रिपोर्टिंग के साथ 100 प्रतिशत टीकाकरण कवरेज सुनिश्चित करने को कहा गया।
IDSP में राज्य में प्रथम, टीम की सराहना
Integrated Disease Surveillance Programme (IDSP) की समीक्षा में जहानाबाद को राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त होने की जानकारी दी गई। इस उपलब्धि पर जिला पदाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग और IDSP टीम के कार्यों की सराहना की। उन्होंने नियमित और सटीक रिपोर्टिंग के साथ निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने का निर्देश दिया।
बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी ने सभी अधिकारियों और कर्मियों को जवाबदेही, समयबद्धता और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता देने तथा लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया।