स्कूल-कॉलेजों में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर सक्रिय ‘पुलिस दीदी’ टीम
जहानाबाद : छात्राओं की सुरक्षा को लेकर जहानाबाद पुलिस की ओर से ‘पुलिस दीदी’ पहल के तहत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है। स्कूलों और कॉलेजों में विशेष टीम के माध्यम से छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है।
पुलिस का उद्देश्य छात्राओं को सुरक्षित, सम्मानजनक और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि वे बिना किसी संकोच के शिक्षा प्राप्त कर सकें और अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ सकें। ‘पुलिस दीदी’ टीम के माध्यम से छात्राओं को सुरक्षा संबंधी जागरूकता के साथ-साथ किसी भी परेशानी की स्थिति में पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
पुलिस ने छात्राओं से अपील की है कि छेड़छाड़, असुरक्षा या किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल डायल-112, नजदीकी थाना या ‘पुलिस दीदी’ टीम को सूचना दें। पुलिस ने कहा है कि छात्राओं की सुरक्षा के लिए टीम लगातार सक्रिय है।