78 एएसआई बने दारोगा, पिपिंग सेरेमनी में एसपी ने कंधों पर सजाए दो सितारे
अरवल : पुलिस केंद्र अरवल में मंगलवार को पिपिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया। समारोह में जिले के 78 सहायक अवर निरीक्षकों (एएसआई) को पदोन्नति देकर पुलिस अवर निरीक्षक (एसआई) बनाया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित) ने पदोन्नत पुलिस पदाधिकारियों के कंधों पर दो सितारे सजाकर उन्हें नए पद की जिम्मेदारी सौंपी।
पदोन्नति के बाद पुलिस अधीक्षक ने सभी नवपदोन्नत पुलिस पदाधिकारियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नए पद के साथ जिम्मेदारियां भी बढ़ी हैं। सभी पदाधिकारी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। पुलिस सेवा में अनुशासन और आम लोगों के प्रति संवेदनशीलता बनाए रखने के लिए भी प्रेरित किया गया।
पिपिंग सेरेमनी के दौरान नवपदोन्नत पुलिस पदाधिकारियों में खासा उत्साह और खुशी देखने को मिली। दो सितारे लगने के साथ ही उनके चेहरे पर पदोन्नति की खुशी साफ नजर आई। समारोह में पुलिस विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी भी मौजूद रहे।