दिशा समिति की बैठक में विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, सांसद ने दिए आवश्यक निर्देश
जहानाबाद : जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक मंगलवार को समाहरणालय में सांसद-सह-अध्यक्ष सुरेन्द्र प्रसाद यादव की अध्यक्षता में हुई। बैठक में पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन के साथ जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की विभागवार प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक की शुरुआत में जिलाधिकारी छिरिंग वाई भूटिया ने सांसद को पौधा एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। उप विकास आयुक्त आदित्य कुमार पियूष ने विधान परिषद सदस्य अनिल कुमार, विधायक राहुल कुमार, मखदुमपुर विधायक सुबेदार दास, घोसी विधायक ऋतुराज कुमार एवं जिला परिषद अध्यक्ष अभिषेक रंजन का स्वागत किया। इसके बाद वंदे मातरम् एवं राष्ट्रगान का सामूहिक गायन हुआ। सांसद, जनप्रतिनिधियों, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर बैठक की कार्यवाही शुरू की।
सर्वप्रथम पिछली बैठक के निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की गई। इसके बाद ग्रामीण कार्य, पथ निर्माण, पुल, भवन निर्माण, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण, बिजली, सिंचाई, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, नगर निकाय, राजस्व, भू-अर्जन एवं योजना विभाग की योजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई।
शिक्षा, स्वास्थ्य, आईसीडीएस, आंगनबाड़ी, कल्याण, महिला विकास, बाल संरक्षण, सामाजिक सुरक्षा, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, एससी-एसटी, पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण से जुड़ी योजनाओं की भी समीक्षा की गई। कृषि, सहकारिता, खाद्य एवं आपूर्ति, पशुपालन, मत्स्य, उद्योग, श्रम, जीविका और बैंकिंग से संबंधित कार्यों की स्थिति भी जानी गई।
बैठक में परिवहन, आपदा प्रबंधन, खनन, ब्रेडा, पर्यटन, कला-संस्कृति, मद्य निषेध, नमामि गंगे समेत अन्य विभागों के कार्यों पर भी विचार-विमर्श हुआ। जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं और जनहित के मुद्दों को अधिकारियों के समक्ष रखा।
सांसद ने विभागवार समीक्षा के दौरान योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने भी जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मामलों के निष्पादन के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार, अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त समेत सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।