दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर अब सफर और सुगम, मुकुंदरा की दोनों टनल से दौड़ने लगे वाहन
करीब 4.9 किलोमीटर लंबी ट्विन-ट्यूब टनल के दोनों मार्ग चाल, सफर होगा आसान
कोटा। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व के नीचे बनी दोनों टनल में यातायात शुरू हो गया है। करीब 4.9 किलोमीटर लंबी ट्विन-ट्यूब टनल के दोनों मार्ग चालू होने से एक्सप्रेस वे का यह महत्वपूर्ण हिस्सा अब निर्बाध रूप से जुड़ गया है। दूसरी टनल के शुरू होने के बाद दिल्ली, कोटा, मध्यप्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र की ओर जाने वाले वाहन चालकों को एक्सप्रेसवे से नीचे उतरने की जरूरत नहीं रहेगी।
यह टनल मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व के करीब 60 मीटर नीचे बनाई गई है। इसके ऊपर वन्यजीवों का प्राकृतिक आवागमन जारी रहता है, जबकि नीचे एक्सप्रेसवे का यातायात गुजरता है। परियोजना को वन्यजीव संरक्षण और आधुनिक सड़क निर्माण के संतुलन के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
टनल शुरू होने से दरा घाटी के पुराने मार्ग पर यातायात का दबाव और जाम कम होने की उम्मीद है। साथ ही कोटा-झालावाड़ और हाड़ौती क्षेत्र की दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से कनेक्टिविटी बेहतर होगी। कृषि उपज और औद्योगिक माल के परिवहन में भी समय की बचत होगी।
हालांकि, टनल में मानसून के दौरान पानी भरने की घटना के बाद जल निकासी व्यवस्था को लेकर सवाल भी उठे थे। अगस्त में पानी निकालने के बाद यातायात बहाल किया गया था।
Sangod, Kota | Sep 10, 2026