कोटा में शुद्ध आहार-मिलावट पर वार अभियान के तहत दो दर्जन से अधिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर विभिन्न खाद्य पदार्थों के 41 नमूने लिए
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कोटा में सघन निरीक्षण अभियान चलाया। पिछले दो दिनों में दो दर्जन से अधिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर विभिन्न खाद्य पदार्थों के 41 नमूने लिए गए। विज्ञान नगर स्थित पंजाबी मेस के निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई की व्यवस्था खराब मिली। जांच में अमूल चीज, नूडल्स, जिंजर पाउडर, ड्राई फ्रूट, मसाले, लहसुन सहित कई खाद्य सामग्री अवधिपार पाई गई। कुल 31,202 ग्राम खाद्य सामग्री मौके पर ही नष्ट करवाई गई। मेस में कर्मचारियों के मेडिकल सर्टिफिकेट, वाटर रिपोर्ट और पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट भी नहीं मिले। मामले में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के तहत इम्प्रूवमेंट नोटिस देने की कार्रवाई की जा रही है। टीम ने मौके से रोटी पर लगाने वाले टेबल बटर और विभिन्न मसालों के 6 नमूने भी लिए।
मेस संचालक से सप्लायर की जानकारी मिलने पर टीम ने विज्ञान नगर स्थित सुशील किराना स्टोर का भी निरीक्षण किया। यहां बिस्किट, च्यवनप्राश, जैम, सोया चंक्स, मसाले, कस्टर्ड पाउडर, कॉर्न स्टार्च, शहद सहित बड़ी मात्रा में अवधिपार खाद्य सामग्री मिली। कुल 28,483 ग्राम सामग्री मौके पर ही नष्ट करवाई गई। यहां से मसाले, ड्राई फ्रूट, मैदा और बेसन सहित 11 नमूने लिए गए।
इसके अलावा दयानिधि रेजिडेंसी से तेल, ग्रेवी, मसाले, आटा और काला नमक सहित 8 नमूने लिए गए।
रेलवे स्टेशन और सिटी मॉल के आसपास भी कार्रवाई जारी रही। विभिन्न होटल, डेयरी, मिठाई की दुकानों और रेस्टोरेंट से दही, पनीर, जलेबी, दूध, मिठाइयां, यूज्ड रिफाइंड ऑयल, मैदा और अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।
सभी नमूनों को खाद्य प्रयोगशाला कोटा भेज दिया गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग द्वारा संबंधित संस्थानों को धारा 32 के तहत इम्प्रूवमेंट नोटिस दिए जा रहे हैं। निर्देशों की पालना नहीं करने पर लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की जाएगी।
Sangod, Kota | Sep 10, 2026